मिस्त्र के राष्ट्रपति अब्देल फतेह अल-सिसी तीन दिवसीय भारत यात्रा पर कल शाम नई दिल्ली पहुंचे। राष्ट्रपति अल-सिसी भारत के 74वें गणतंत्र दिवस समारोह के मुख्य अतिथि होंगे। उनके साथ पांच मंत्रियों और वरिष्ठ अधिकारियों का एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल भी आया है। मिस्त्र की सेना की एक टुकड़ी भी गणतंत्र दिवस परेड में हिस्सा लेगी।
राष्ट्रपति अल-सिसी का आज राष्ट्रपति भवन में समारोह पूर्वक स्वागत किया जाएगा। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू उनके सम्मान में रात्रि भोज का आयोजन करेंगी। राष्ट्रपति सीसी द्विपक्षीय, क्षेत्रीय और आपसी हित के वैश्विक मुद्दों पर कल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ द्विपक्षीय और प्रतिनिधि स्तर की बैठक करेंगे। विदेश मंत्री डॉक्टर जयशंकर भी राष्ट्रपति सीसी से मुलाकात करेंगे। अपनी यात्रा के दौरान राष्ट्रपति सीसी भारत के व्यापारिक समुदाय से भी बातचीत करेंगे।
भारत और मिस्त्र अपने कूटनीतिक संबंधों का 75वां वर्ष मना रहे हैं।
भारत और मिस्र के बीच वर्षों से मैत्रिपूर्ण सम्बन्ध रहे हैं। जो सभ्यतागत, सांस्कृतिक और आर्थिक सहयोग तथा दोनों देशों के लोगों के बीच गहरे सम्बन्धों में दिखाई देते हैं। भारत और मिस्र के बीच द्विपक्षीय व्यापार ने वर्ष 2021-22 में सात अरब 26 करोड़ डॉलर की रिकॉर्ड ऊँचाई हासिल की। मिस्र को तीन अरब 74 करोड़ भारतीय निर्यात और मिस्र से भारत को तीन अरब 52 करोड़ आयात के साथ व्यापार काफी सन्तुलित था। 50 से अधिक भारतीय कंपनियों ने मिस्र की अर्थव्यवस्था के विभिन्न क्षेत्रों में लगभग तीन अरब 15 करोड़ डॉलर का निवेश किया है, जिनमें रसायन, ऊर्जा, कपड़ा परिधान, कृषि व्यवसाय और खुदरा शामिल है।
मिस्त्र को 2022-23 में जी-20 की भारत की अध्यक्षता के दौरान अतिथि देश के रूप में भी आमंत्रित किया गया है।