केंद्रीय इस्पात और पेट्रोलियम तथा प्राकृतिक गैस मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा है कि भारत ने इस वर्ष अप्रैल और मई के महीनों में तीन लाख मीट्रिक टन ऑक्सीजन का उत्पादन किया है। उन्होंने बताया कि इसमें से दो लाख मीट्रिक टन ऑक्सीजन का उत्पादन इस्पात संयंत्रों और पेट्रोलियम रिफाइनरियोंमें ही हुआ है। केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने ओडिसा के ढेंकानाल में टाटा स्टील केएक सौ बिस्तरों वाले कोविड अस्पताल का उद्घाटन करते हुए कहा कि इस्पात संयंत्रों नेदेश में ऑक्सीजन की मांग को पूरा करने के लिए इसका उत्पादन बहुत तेजी से बढाया है।
देश के कुल ऑक्सीजन उत्पादन में ओडिसा के योगदान पर प्रकाश डालते हुए केन्द्रीय मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान ने कहा कि पिछले दो महीनों में राउरकेला स्थित राउरकेला स्टील प्लांट में 17 हजार मीट्रिक टन तरल चिकित्सा ऑक्सीजन और टाटा तथा जिंदल स्टील प्लांटों में 38 हजार मीट्रिकटन ऑक्सीजन का उत्पादन किया गया है। कोरोना की दूसरी लहर में जब अन्य राज्यों में ऑक्सीजन की कमी हो गई थी उस समय ओडिसा ने मेडिकल ऑक्सीजन की आपूर्ति में फ्रंटलाइन राज्य की भूमिका निभाई। इस बीच राज्य में कोविड मरीजों की संख्या में लगातार कमी दर्ज की जा रही है। बीते 24 घंटे में कोरोना के छह हजार नए मामले सामने आए हैं। ओडिसा में इस समय कोविड मरीजों की संख्या 77 हजार है।