भारत के औद्योगिक उत्पादन की वृद्धि दर इस वर्ष अक्तूबर में 16 महीने के उच्चतम स्तर 11 दशमलव 7 प्रतिशत पर पहुँच गयी है। पिछले वर्ष इसी अवधि में इसमें चार दशमलव एक प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गयी थी। फैक्ट्री आउटपुट औद्योगिक उत्पादन सूचकांक के आधार पर मापा जाता है। राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय के आकडों के अनुसार विनिर्माण क्षेत्र का उत्पादन अक्टूबर 2023 में बढकर दस दशमलव चार प्रतिशत और खनन क्षेत्र में तेरह दशमलव एक प्रतिशत तक बढ गया है।
उपभोक्ता मूल्य सूचकांक पर आधारित खुदरा मुद्रास्फीति नवंबर में वार्षिक आधार पर पांच दशमलव पांच-पांच प्रतिशत बढ़ी है। खुदरा मुद्रास्फीति इस साल अक्तूबर में चार दशमलव आठ-सात प्रतिशत थी। सांख्यिकी और कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार नवंबर में खाद्य मुद्रास्फीति आठ दशमलव सात-शून्य प्रतिशत रही। रिजर्व बैंक ने दिसंबर की बैठक में मुद्रास्फीति लक्ष्य को पांच दशमलव चार प्रतिशत पर अपरिवर्तित रखा है।