फीफा विश्व कप में फ्रांस ने मोरक्‍को को 2-0 से हराया; फाइनल में फ्रांस का मुकाबला अर्जेंटीना से होगा

कतर में, फीफा फुटबॉल विश्व कप में मौजूदा चैम्पियन फ्रांस फाइनल में पहुंच गया है। कल फ्रांस ने मोरक्‍को को 2-0 से पराजित किया। रविवार को फाइनल में फ्रांस का मुकाबला अर्जेंटीना से होगा।

फीफा फुटबॉल विश्‍व कप में कल मौजूदा चैम्पियन फ्रांस की रक्षा पंक्ति के थियो हर्नांडेज़ ने 5वें मिनट में फ्रांस के लिए सबसे तेज़ गोल कर शुरूआती क्षणों में ही मोरक्‍को के हौसले पस्‍त कर दिये। उन्होंने मोरक्‍को की मजबूत रक्षा पंक्ति को छकाते हुए शुरूआती गोल कर फ्रांस को 1-0 की बढ़त दिलाई। इस टूर्नामेंट में मोरक्‍को पर हुआ यह दूसरा गोल था। दूसरे हाफ में रान्डल कोलो मुआनी ने फ्रांस के लिए दूसरा गोल कर बढ़त को बनाए रखा। इसके साथ ही मौजूदा चैंपियन फ्रांस ने मोरक्को के फाइनल में पहुंचने के सपने को ही तोड़ दिया। हॉफ टाइम से ठीक पहले मोरक्‍को के पास गोल बराबरी करने का मौका था जब जवाद एल यामीक ने अपनी साइकिल किक को गोल में तबदील करना चाहा, लेकिन फ्रांसीसी गोलकीपर ह्यूगो लोरिस ने उनके इस प्रयास को विफल कर दिया। 1998 में ब्राजील के फाइनल में पहुंचने के बाद अब फ्रांस लगातार विश्व कप फाइनल के लिए क्वालीफाई करने वाला पहला मौजूदा चैंपियन बन गया है। काइलियन एम्बाप्पे के साथ फ्रांस रविवार को फीफा विश्व कप के फाइनल में लियोनेल मेसी की अगुआई वाली अर्जेंटीना से भिड़ेगा।

विश्‍व कप में तीसरे स्थान के लिए शनिवार को क्रोएशिया का सामना मोरक्को से होगा। मैच भारतीय समयानुसार रात साढ़े आठ बजे से खेला जाएगा।

Related posts

Leave a Comment