प्रधानमंत्री मोदी ने टोक्‍यो में अमरीका के राष्‍ट्रपति जो बाइडन के साथ द्विपक्षीय बैठक की

प्रधानमंत्री मोदी ने टोक्‍यो में अमरीका के राष्‍ट्रपति जो बाइडन के साथ द्विपक्षीय बैठक की

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने आज कहा कि द्विपक्षीय स्‍तर पर हिन्‍द-प्रशान्‍त क्षेत्र के बारे में भारत और अमेरिका के बीच विचार एक समान हैं। उन्‍होंने कहा कि साझा हितों के मुद्दों पर काम करने के लिए समान विचारधारा वाले देशों के साथ भी दोनों देशों के एक समान विचार हैं। आज टोक्‍यो में अमेरिका के राष्‍ट्रपति जो बाइडन के साथ द्विपक्षीय बैठक प्रधानमंत्री ने कहा कि आज की चर्चा से इस सकारात्‍मक प्रक्रिया में और तेजी आएगी।

दोनों नेताओं ने भारत-अमेरिका मैत्री को प्रगाढ़ करने के तरीके और विभिन्‍न मुद्दों पर चर्चा कीं। इस दौरान व्‍यापार, निवेश, रक्षा के साथ-साथ दोनों देशों के लोगों के बीच सम्‍पर्क सहित भारत-अमेरिका संबंधों के अनेक पहलुओं पर व्‍यापक चर्चा हुई।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत और अमेरिका की साझेदारी सही मायनों में विश्‍वास की साझेदारी है। उन्‍होंने कहा कि साझा हितों और मूल्‍यों ने दोनों देशों के बीच विश्‍वास के इस रिश्‍ते को सुदृढ़ किया है।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि दोनों देशों के लोगों के बीच सम्‍पर्क और सशक्‍त आर्थिक सहयोग भारत और अमेरिका की साझेदारी को अनूठा बनाते हैं। उन्‍होंने कहा कि द्विपक्षीय व्‍यापार और निवेश के क्षेत्र में संबंध भी स्थिर रूप से प्रगाढ़ हो रहे हैं। लेकिन अब भी इनके विस्‍तार की व्‍यापक संभावनाएं हैं।

प्रधानमंत्री ने विश्‍वास व्‍यक्‍त किया कि अमेरिकी निवेश प्रोत्‍साहन समझौते से दोनों देशों के बीच निवेश में ठोस प्रगति होगी।

अमेरिकी राष्‍ट्रपति ने भारत और अमेरिका के बीच अमेरिकी विकास वित्‍त निगम के समझौते पर प्रसन्‍नता व्‍यक्‍त की। उन्‍होंने कहा कि दोनों देश भारत-अमेरिका वैक्‍सीन कार्रवाई कार्यक्रम का नवीकरण भी कर रहे हैं।

प्रधानमंत्री मोदी ने ऑस्‍ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्‍बनीज के साथ भी द्विपक्षीय वार्ता की। ये बातचीत भारत और ऑस्‍ट्रेलिया के बीच विभिन्‍न क्षेत्रों में सहयोग प्रगाढ़ करने पर केन्द्रित रही। दोनों नेताओं ने व्‍यापार, निवेश, रक्षा विनिर्माण, हरित हाइड्रोजन सहित नवीकरणीय ऊर्जा, शिक्षा, विज्ञान और प्रौद्योगिकी, कृषि अनुसंधान, खेल और दोनों देशों के लोगों के बीच सम्‍पर्क सहित व्‍यापक रणनीतिक साझेदारी के अंतर्गत बहुस्‍तरीय सहयोग की समीक्षा की। दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय रिश्‍तों में सकारात्‍मक प्रगति जारी रखने की प्रतिबद्धता व्‍यक्‍त की।

Related posts

Leave a Comment