प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तीन देशों- जापान, पापुआ न्यू गिनी और ऑस्ट्रेलिया की यात्रा पर कल रवाना होंगे। प्रधानमंत्री मोदी 19 मई से 21 मई के बीच जापान में प्रधानमंत्री फूमियो किशिदा के जी-7 शिखर बैठक के दौरान आमंत्रण पर हिरोशिमा जाएंगे। शिखर बैठक में प्रधानमंत्री जी-7 के सत्रों में भागीदार देशों के साथ शांति, स्थिरता और भोजन, उर्वरक और ऊर्जा सुरक्षा जैसे विषयों पर चर्चा करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी शिखर सम्मेलन से अलग भाग लेने वाले कुछ नेताओं के साथ द्विपक्षीय बैठक भी करेंगे।
विदेश मंत्रालय ने कहा है कि प्रधानमंत्री इसके बाद पापुआ न्यू गिनी में पोर्ट मोरस्बाइ जाएंगे जहां वे 22 मई को हिंद-प्रशांत द्वीप समूह सहयोग मंच की तीसरी शिखर बैठक की पापुआ न्यू गिनी के साथ मिलकर मेजबानी करेंगे। हिंद-प्रशांत द्वीप समूह सहयोग मंच में भारत और प्रशांत द्वीप समूह के 14 देश शामिल हैं। ये देश हैं फिजी, पापुआ न्यू गिनी, टोंगा, तुवालु, क्रिबाटी, समोआ, वानुआतु, नियू, माइक्रोनेशिया, मार्शल द्वीपसमूह, कूक द्वीपसमूह, पालाउ, नाउरू और सोलोमोन द्वीपसमूह।
प्रधानमंत्री मोदी पापुआ न्यू गिनी में द्विपक्षीय बैठकें करेंगे। इनमें गवर्नर जनरल बॉब दादाइ और प्रधानमंत्री जेम्स मारापे के साथ बैठक शामिल हैं। यह किसी भारतीय प्रधानमंत्री की पापुआ न्यू गिनी की पहली यात्रा होगी। प्रधानमंत्री ऑस्ट्रेलिया में सिडनी जाएंगे। वे वहां ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंटनी अल्बानीज़ के साथ 24 मई को द्विपक्षीय बैठक करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी ऑस्ट्रेलिया के मुख्य कार्यकारी अधिकारी और व्यापारिक नेताओं के साथ संवाद करेंगे और 23 मई को सिडनी में भारतवासियों को संबोधित करेंगे।