पश्चिम बंगाल, असम, तमिलनाडु, केरलम और पुद्दुचेरी विधानसभा चुनाव की मतगणना कल सुबह 8 बजे से शुरू होगी। निर्वाचन आयोग ने इसकी सभी तैयारियां कर ली हैं। तमिलनाडु में इसके लिए 62 मतगणना केंद्र बनाये गये हैं। मतगणना के लिए 10 हजार 545 कर्मी तैनात किये जायेंगे।
मतगणना प्रक्रिया को लेकर पूरे राज्य में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। ड्यूटी पर तैनात हर व्यक्ति को क्यूआर कोड वाला एक फोटो आईडी कार्ड जारी किया गया है, ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि मतगणना केंद्रों पर किसी भी तरह की गलत पहचान या धोखाधड़ी न हो। मतगणना कक्षों और ईवीएम स्ट्रांग रूम के प्रवेश द्वार पर सबसे अंदरूनी सुरक्षा की कमान केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों के हाथों में होगी। स्थानीय और राज्य पुलिस के अलावा, सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने के लिए मतगणना केंद्रों पर केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों की 65 कंपनियाँ तैनात की गई हैं। राज्य में 4 करोड़ 87 लाख 98 हज़ार 833 मतदाताओं में से 85 दशमलव 10 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है। महिलाओं ने पुरुषों को पीछे छोड़ते हुए 2 करोड़ 52 लाख 59 हज़ार 596 वोट डाले, जबकि पुरुष मतदाताओं की संख्या 2 करोड़ 35 लाख 34 हज़ार 720 रही।
