नेपाल में पिछले 24 घंटों में देश के विभिन्न हिस्सों में प्राकृतिक आपदा की घटनाओं में कुल 16 लोगों की मौत हो गई है। नेपाल के राष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण और प्रबंधन प्राधिकरण के अनुसार पिछले एक सप्ताह में देश के पश्चिमी हिस्से में बाढ़ और भूस्खलन में कम से कम 33 लोगों की मौत हो गई है।
स्थानीय मीडिया ने बताया कि मॉनसून की सबसे भीषण वर्षा उत्तर-पश्चिम में करनाली प्रांत में हुई, जहां से हजारों लोगों को निकाला गया। हिमस्खलन और बाढ़ से सैकड़ों मकान भी क्षतिग्रस्त हो गए हैं। पूरे प्रांत में कम से कम 22 लोग अब भी लापता हैं और कई घायल हुए हैं। नेपाल सरकार ने हेलीकॉप्टरों से क्षेत्र को सहायता भेजी है।
इस बीच, संयुक्त राष्ट्र की मानवीय एजेंसियों ने कहा है कि वे पश्चिमी नेपाल में सबसे बुरी तरह प्रभावित समुदायों को भोजन और दवाएं वितरित कर रही हैं।
