देश के 11 राज्‍यों में अभी तक ओमीक्रोन के 101 मरीज सामने आए

देश के 11 राज्‍यों में अभी तक ओमीक्रोन के 101 मरीज सामने आए

सरकार ने बताया है कि देश के 11 राज्‍यों में अभी तक ओमीक्रोन के 101 मरीज सामने आए हैं। नई दिल्‍ली में संवाददाताओं को जानकारी देते हुए स्‍वास्‍थ्‍य मंत्रालय में संयुक्‍त सचिव लव अग्रवाल ने बताया कि महाराष्‍ट्र में 32, दिल्‍ली में 22 और राजस्‍थान में 17 व्‍यक्ति नए वैरियंट ओमीक्रोन से संक्रमित पाये गए हैं। उन्‍होंने बताया कि ओमीक्रोन वैरियंट अभी तक विश्‍व के 91 देशों में फैल चुका है और विश्‍व स्‍वास्‍थ्‍य संगठन ने कहा है कि ओमीक्रोन दक्षिण अफ्रीका में डेल्‍टा वैरियंट की तुलना में अधिक तेजी से फैल रहा है। उन्‍होंने बताया कि ब्रिटेन, डेनमार्क, नॉर्वे और दक्षिणी अफ्रीका में ओमीक्रोन के रोगी तेजी से बढ रहे हैं।

लव अग्रवाल ने कहा कि भारत में हर रोज कोविड-19 के दस हजार से कम रोगी सामने आ रहे हैं, लेकिन यह महत्‍वपूर्ण है कि लोगों को महामारी के खिलाफ लडाई में कोई कोताही नहीं बरतनी चाहिए। लव अग्रवाल ने लोगों से अपील की कि वे कोविड का टीका अवश्‍य लगवायें और महामारी से बचाव के लिए नियमों का पालन करें।

लव अग्रवाल ने कहा कि देश में कोविड के टीके अन्‍य देशों की तुलना में सबसे तेज गति से लगाये जा रहे हैं। उन्‍होंने कहा कि हर रोज औसतन 74 लाख 31 हजार वैक्‍सीन डोज दी जा रही हैं। उन्‍होंने कहा कि देश की 57 प्रतिशत से अधिक व्‍यस्‍क आबादी को दोनों टीके लगाये जा चुके हैं, जबकि 87 दशमलव छह प्रतिशत लोगों को वैक्‍सीन की पहली डोज दी गई है।

मीडिया से बातचीत के दौरान बातचीत के दौरान भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद के महानिदेशक डॉक्‍टर बलराम भार्गव ने कहा कि ओमीक्रोन वैरियंट यूरोप और विश्‍व के अधिकांश भागों में तेजी से फैल रहा है। डॉक्‍टर भार्गव ने कहा कि इसे देखते हुए अनावश्‍यक यात्राओं से बचना चाहिए। उन्‍होंने कहा कि लोगों को भीड से बचना चाहिए और उत्‍सवों में अधिक लोगों को एकत्र नहीं किया जाना चाहिए।

नीति आयोग के सदस्‍य डॉक्‍टर वी के पॉल ने कहा कि यूरोप में कोविड-19 महामारी का नया चरण महसूस किया जा रहा है, जहां संक्रमित लोगों की संख्‍या तेजी से बढ रही है। डॉक्‍टर पॉल ने कहा कि भारत सरकार ने ओमीक्रोन का फैलाव रोकने के लिए देशभर में दूरगामी उपाय किए हैं। देश में आने वाले यात्रियों पर रोक लगाई गई है और निगरानी रखी जा रही है।

Related posts

Leave a Comment