राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने पंचकुइयां क्षेत्र में दृष्टिबाधितों के लिए एक विद्यालय की जर्जर इमारत से छात्रों, शिक्षकों और कर्मचारियों के जीवन को खतरा होने के मद्देनजर दिल्ली के मुख्य सचिव को नोटिस जारी किया है। आयोग ने इस मामले में चार सप्ताह के भीतर विस्तृत रिपोर्ट सौंपने को भी कहा है।
आयोग ने इस मामले पर एक मीडिया रिपोर्ट पर स्वत: संज्ञान लिया है। मीडिया रिपोर्ट में कहा गया है कि यह विद्यालय दृष्टिबाधित लोगों के लिए देश के सबसे पुराने स्कूलों में से एक है। विद्यालय की इमारत जर्जर होने के कारण यहां पढने वाले 35 विद्यार्थियों का जीवन जोखिम में है। विद्यालय में कोई अपेक्षित शैक्षणिक और आवासीय सुविधाएं नहीं हैं। मीडिया रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि दिल्ली के पंचकुइयां क्षेत्र में स्थित इस गैर मान्यता प्राप्त विद्यालय को एक गैर-सरकारी संगठन चला रहा है।
आयोग ने कहा है कि मीडिया रिपोर्ट में यदि सच्चाई है तो दिव्यांग बच्चों और उनके शिक्षकों की सुरक्षा और मानवाधिकारों के गंभीर मुद्दे हैं।