तेलंगाना में मकर संक्रांति के अवसर पर भोगी त्‍योहार उल्‍लास के साथ मनाया जा रहा, सिकंदराबाद के परेड ग्राउंड में छठा अंतरराष्ट्रीय पतंग और मिष्ठान्न महोत्‍सव शुरु

तेलंगाना में आज मकर संक्रांति के अवसर पर भोगी त्‍योहार पारंपरिक श्रद्धा और उल्‍लास के साथ मनाया जा रहा है। तीन दिन तक चलने वाला फसल कटाई का यह त्‍योहार पूरे राज्‍य में और ख़ासकर ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष उत्साह से मनाया जा रहा है। संक्रांति के आज पहले दिन भोगी मंतलू के अवसर पर लोग तड़के ही बड़ी संख्या में सड़कों पर आग जलाते देखे गए। लोग रंगोली, आम की पल्लव और गेंदे के फूलों से अपने घरों को सजाकर संक्रांति लक्ष्‍मी को आमंत्रित कर रहे हैं।

प्रदेश में, राज्‍य सड़क परिवहन निगम और दक्षिण-मध्‍य रेलवे तेलंगाना और आंध्र प्रदेश के बीच विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रो के लिए अपनी-अपनी सेवाएं संचालित कर रहे है। तेलंगाना की राज्‍यपाल तमिलसई सौंदाराजन और मुख्‍यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने इस अवसर पर लोगों को शुभकामनाएं दी हैं।

सिकंदराबाद के परेड ग्राउंड में कल शाम छठा अंतरराष्ट्रीय पतंग और मिष्ठान्न महोत्‍सव शुरू हुआ। तीन दिन के इस महोत्‍सव में भारत के 50 प्रतिभागियों के साथ-साथ सोलह देशों के 37 पतंगबाज भाग ले रहे हैं। इनमें इंडोनेशिया, स्विट्जरलैंड, ऑस्‍ट्रेलिया, श्रीलंका, कनाडा, कंबोडिया, स्कॉटलैंड, थाईलैंड, ताईवान, कोरिया, फिलीपींस, वियतनाम, मलेशिया, इटली, दक्षिण अफ्रीका और नीदरलैंड के प्रतिभागी शामिल हैं। महोत्‍सव में तेलंगाना के पारंपरिक व्यंजन, हस्त कला और हस्तशिल्प के विभिन्न 800 स्टॉल लगाए गए हैं। यह महोत्‍सव कल 15 जनवरी तक चलेगा।

Related posts

Leave a Comment