जापान में भूकंप के कई बड़े झटकों के बाद जारी की गई सुनामी की चेतावनी वापस ली गई

जापान ने, देश में भूकंप के कई बडे झटकों के बाद जारी की गई जोरदार सुनामी की चेतावनी वापस ले ली है। परन्‍तु तटवर्ती क्षेत्रों में रहने वाले लोगों से कहा गया है कि वे अभी अपने घरों को न लौटे क्‍योंकि समुद्र में घातक लहरों के उठने की आशंका है।

जापान की मौसम एजेंसी ने इशिकावा में बडी सुनामी और होंशू द्वीप के बाकी पश्चिमी तट के लिए निम्‍न स्‍तरीय सुनामी की चेतावनी जारी की थी। सुदूर उत्‍तरी द्वीप समूह होकाइडो के लिए भी सुनामी की आशंका व्‍यक्‍त की गई थी। कई घंटे बाद इसका दर्जा घटाकर इसे नियमित सुनामी की चेतावनी में बदल दिया गया। इससे दस फुट उंची लहरें उठ सकती हैं। मौसम एजेंसी के अनुसार इसी क्षेत्र में अगले कुछ दिनों तक भूकंप के परवर्ती झटके आ सकते हैं।

इससे पहले, मध्‍य जापान में भूकंप के कई शक्तिशाली झटकों के बाद एक मीटर से अधिक ऊंची लहरें उठने से भवनों और बंद राजमार्गों को क्षति पहुंची थी। अमरीका के भूगर्भ सर्वेक्षण विभाग के अनुसार इशिकावा के नोटो क्षेत्र में शाम चार बजे जबर्दस्‍त भूकंप आया था जिसे रिक्‍टर पैमाने पर सात दशमलव छह मापा गया था।

जापान में भारतीय दूतावास ने एक आपातकालीन नियंत्रण कक्ष स्थापित किया है और आपातकालीन संपर्क के लिए फोन नम्‍बर और ई-मेल आईडी जारी की हैं। भूकंप और सुनामी की चेतावनी के बाद भारतीय नागरिकों के लिए आपातकालीन – हेल्‍पलाईन नंबर जारी किए गये हैं जो इस प्रकार हैं- 81-80-3930-1715, 81-70-1492-0049, 81-80-3214-4734, 81-80-6229-5382, और 81-80-3214-4722

विदेश मंत्रालय ने बताया है कि भारतीय दूतावास संबद्ध अधिकारियों के निरंतर संपर्क में है। लोगों से कहा गया है कि वे स्‍थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करें।

Related posts

Leave a Comment