चीन के होंगझोऊ में पैरा एशियन गेम्स कल से शुरू हो गए हैं। इसमें भारत की तरफ से 313 एथलीट्स शामिल होंगे। इस दल का नेतृत्व तोक्यो पैरालम्पिक स्वर्ण पदक विजेता अवनी लेखरा और भाला फेंक खिलाड़ी सुमित अंतिल करेंगे। यह सभी खिलाड़ी पैरा एशियन खेलों के 22 खेलों में से 17 में भाग ले रहा है। पहली बार भारत रोईंग-कैनोईंग, लॉन बोल, ताइक्वांडो और ब्लाइंड फुटबॉल में चुनौती पेश करेगा। पैरा खेलों में 43 देशों के लगभग चार हजार एथलीट्स पांच सौ 66 स्वर्ण पदक स्पर्धाओं में 22 खेलों में अपना दम-खम दिखाएंगे।
एशियाई पैरा खेलों में बैंडमिंटन खिलाड़ी प्रमोद भगत और सुकांत कदम ने जीत के साथ आगाज किया। प्रमोद का मुकाबला चीनी ताइपे के ह्सिंग चिह हुआंग से था। उन्होंने अपने प्रतिद्वंदी को 21-9, 21-18 से हराया। अब उनका सामना मालदीव के अब्दुल लतीफ मोहम्मद से होगा।
सुकांत कदम ने ताइपे के येह एन-चुआन के खिलाफ जीत दर्ज कर अपने टूर्नामेंट की शुरुआत की। अब उनका मुकाबला मालदीव के अहमद फयाज से होगा।
मिश्रित युगल स्पर्धा में प्रमोद भगत और मनीषा रामदास ने थाईलैंड के चानिडा श्रीनावाकुल को 21-8, 21-14 से हराया। अन्य परिणामों में नितेश कुमार और मुरुगेसन थुलासिमथी ने डबल्स में सीरिया के शेहा फेरास और मटर अल्ताफ को 2-0 से हराया। वहीं, पुरुष एकल के ग्रुप स्टेज मैच में कृष्णा नागर ने चीन के किंगताओ ज़ेंग को 2-1 से हराया।
पैरा एशियाई खेल आधिकारिक तौर पर आज से शुरू हो गए हैं और यह 28 अक्टूबर तक चलेंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एशियाई पैरा खिलाडियों के भारतीय दल को शुभकामनाएं दी हैं। एक सोशल मीडिया पोस्ट में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले प्रत्येक एथलीट की एक प्रेरणादायक जीवन यात्रा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि वे भारतीय खेल भावना के वास्तविक सार की झलक दिखाएंगे।