मौसम विभाग के अनुसार चक्रवाती तूफान 14 किलोमीटर की गति से उत्तर, उत्तर-पश्चिम की ओर बढ रहा है। विभाग की ताजा जानकारी के अनुसार चक्रवात चेन्नई के 130 किलोमीटर पूर्व में केन्द्रित है। इस तूफान की आज दोपहर से पहले पश्चिम-मध्य बंगाल की खाडी के आंध्र के दक्षिण और इससे सटे तमिलनाडु के उत्तरी तटों पर पहुंचने की संभावना है। तूफान कल प्रचण्ड चक्रवाती तूफान का रूप लेगा। इस तूफान के 90 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की अधिकतम गति से तट से टकराने की आशंका है। इसकी गति 110 किलोमीटर प्रति घंटे तक बढ सकती है।
तमिलनाडु के चेन्नई, चेंगलपेट और तिरूवल्लूर जिलों में कल से बहुत तेज बारिश हो रही है। अवाडी में 28 सेंटीमीटर अधिकतम बारिश हुई है। चेन्नई में आम जन-जीवन ठहर सा गया है। राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण-एसडीएमए और राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण-एनडीएमए ने लोगों को आवश्यक कार्य को छोड़कर बाहर नहीं जाने का परामर्श जारी किया है। तेज हवाओं के कारण पेड गिर रहे हैं और सड़कें सुनसान दिख रही हैं। बहुत से क्षेत्रों में मैट्रो स्टेशन के मार्ग को साफ किया जाना है। चेन्नई के आसपास ट्रेन सेवाएं भी बाधित हुई है। हवाई अड्डा प्राधिकरण ने चेन्नई से 23 उडाने रद्द की है और 32 उड़ान सेवाएं स्थगित की हैं। दक्षिण रेल ने आन्ध्र प्रदेश से गुजरने वाली ट्रेन सेवाएं भी रद्द कर दी हैं। चेन्नई को जलापूर्ति करने वाले जलाशय भर कर पानी बाहर प्रवाहित हो रहा है। शहर के भीतर की झीलें और टंकियां भी भर जाने से पानी बाहर प्रवाहित हो रहा है। जिला प्रशासन पूरी तरह स्थिति की निगरानी कर रहा है और जिला नियंत्रण कक्षों के साथ आपात बैठकें कर रहा है। राज्य निगरानी केन्द्र सतर्क है।