केरल के उत्तरी और मध्य भागों में तेज वर्षा जारी है। मौसम विभाग ने राज्य में अगले चार दिन वर्षा होने का अनुमान व्यक्त किया है। राज्य के कोझिकोड, वायनाड, कन्नूर और कासरगोड जिलों में ऑरेंज एलर्ट जबकि तिरुवनंतपुरम और कोलम जिलों को छोड़कर अन्य सभी जिलों में येलो एलर्ट जारी है।
पर्वतीय और भूस्खलन की आशंका वाले क्षेत्रों तथा तटीय इलाकों में हाई अलर्ट जारी किया है। तेज वर्षा जारी रहने के कारण कन्नूर, कोझीकोड और वायनाड जिलों में सभी शिक्षा संस्थान बंद हैं। मछुआरों को बृहस्पतिवार तक केरल, कर्नाटक और लक्षद्वीप तट पर से समुद्र में नहीं जाने की चेतावनी दी गई है।