केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने आंध्र प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में 4 नर्सिंग कॉलेजों की वर्चुअल रूप से आधारशिला रखी

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने कहा है कि सरकार का उद्देश्य सभी के लिए सस्ती और सुलभ स्वास्थ्य सेवा प्रदान करना है। डॉ. मांडविया ने आंध्र प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में 4 नर्सिंग कॉलेजों की वर्चुअल रूप से आधारशिला रखते हुए यह बात कही। डॉ. मांडविया ने कहा कि भारतीय नर्सों की सेवाओं को विदेशों में काफी मान्यता प्राप्त है, इसलिए देश में नर्सिंग शिक्षा को वैश्विक मानकों के बराबर लाना महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि देशभर में 157 नर्सिंग कॉलेज बनाये जा रहे हैं। डॉ मांडविया ने कहा कि सरकार देश में डेंटल और नर्सिंग कॉलेजों की संख्या बढ़ाने के लिए भी प्रतिबद्ध है।

डॉ. मांडविया ने नई दिल्ली में राष्ट्रीय दंत चिकित्सा आयोग के नवनिर्मित भवन का भी उद्घाटन किया। उन्होंने नेशनल डेंटल रजिस्टर- एनडीआर की भी शुरूआत की। इसमें देश के सभी दंत चिकित्सकों का डाटा उपलब्‍ध होगा। यह संबंधित राज्य दंत परिषद से सत्यापन के बाद देश में प्रैक्टिस करने वाले सभी दंत चिकित्सकों को विशिष्ट पहचान पत्र प्रदान करेगा। एनडीआर से नागरिकों को राज्य दंत परिषद द्वारा सत्यापित दंत चिकित्‍सकों की पहचान करने में मदद मिलेगी और देश भर में दंत चिकित्सा देखभाल वितरण में सुधार की सुविधा प्रदान होगी।

Related posts

Leave a Comment