सूचना और प्रसारण, मत्स्य, पशु पालन और डेयरी राज्य मंत्री डॉ. एल. मुरूगन आज मध्य प्रदेश से राज्य सभा के लिए नामांकन पत्र भरेंगे। मध्य प्रदेश से राज्य सभा की एक सीट के लिए उप चुनाव हो रहा है। चुनाव चार अक्टूबर को होगा। नामांकन पत्र भरने की अंतिम तिथि 22 सितम्बर है।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार, डॉ. मुरुगन आज सुबह भोपाल पहुंच रहे हैं। वह दूरदर्शन केंद्र, भोपाल का भी दौरा करेंगे और मंत्रालय की विभिन्न मीडिया इकाइयों के प्रमुखों से मुलाकात करेंगे। भाजपा सूत्रों के मुताबिक, डॉ मुरुगन के राज्यसभा उपचुनाव में निर्विरोध चुने जाने की संभावना है क्योंकि मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस ने अपना उम्मीदवार नहीं उतारने का फैसला किया है। मध्य प्रदेश में यह सीट तत्कालीन केंद्रीय मंत्री थावरचंद गहलोत के इस्तीफा देने के बाद रिक्त हुई है। उन्होंने जुलाई में कर्नाटक के राज्यपाल के रूप में नियुक्ति के बाद राज्यसभा से त्यागपत्र दे दिया था। 230 सीटों वाली मध्य प्रदेश विधानसभा में, भाजपा के 125 सदस्य हैं, जबकि कांग्रेस के 95 विधायक हैं। इसके अलावा, दो विधायक बहुजन समाज पार्टी के और एक समाजवादी पार्टी से है, जबकि चार निर्दलीय सदस्य हैं। विधानसभा की तीन सीटें फिलहाल रिक्त हैं। मध्यप्रदेश में 11 राज्यसभा सीटों में से वर्तमान में भाजपा के पास सात और कांग्रेस के पास तीन सीटें हैं।