प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि एशियाई खेलों में भारतीय एथलीटों का उत्कृष्ट प्रदर्शन उनकी सच्ची खेल भावना का बेहतरीन उदाहरण है। आज नई दिल्ली में एशियाई खेलों में हिस्सा लेने वाले भारतीय खिलाड़ियों के दल से बातचीत करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि आपकी कड़ी मेहनत और उपलब्धियों से पूरे देश में जश्न का माहौल है। उन्होंने कहा कि यह एशियाई खेलों में भारत का अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारतीय खिलाड़ियों ने इतिहास रचा है और मुझे इस बात की खुशी है कि हम सही रास्ते पर आगे बढ़ रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि इन खिलाड़ियों ने आने वाली पीढ़ियों का मार्ग प्रशस्त किया है। एशियाई खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन से ओलंपिक में हमारे एथलीटों का आत्मविश्वास बढ़ेगा।
एशियाई खेलों में महिला एथलीटों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत की ‘नारी शक्ति’ ने अनुकरणीय प्रदर्शन किया है। दरअसल यह देश की महिलाओं की क्षमता का प्रदर्शन है क्योंकि जितने पदक जीते गये उनमें से आधे से अधिक महिला खिलाड़ियों को मिले हैं।