विकसित भारत संकल्प यात्रा के पचास दिन पूरे होने पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का बयान अखबारों के मुख पृष्ठ पर है। हरिभूमि लिखता है – हम समाज में अंतिम पायदान पर खडे व्यक्ति तक पहुंचे। प्रधानमंत्री ने वीडियो कान्फ्रेंस के माध्यम से विकसित भारत संकल्प यात्रा के लाभार्थियों से की बात, अलग-अलग राज्यों के लाभार्थियों से जुडे।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ मालदीव के मंत्रियों की टिप्पणी के मामले पर नवभारत टाइम्स की सुर्खी है – विवाद पर मालदीव के राजदूत इब्राहीम शहीब को विदेश मंत्रालय में किया गया तलब, भारत बोला रिश्ते सुधारने को राष्ट्रपति मुइज्जू आगे आएं।
विपक्षी दलों का गठबंधन आई एन डी आई ए में सीट बंटवारे को लेकर चर्चा अखबारों के मुख पृष्ठ पर है। दैनिक भास्कर की टिप्पणी है – बंगाल में गठबंधन को झटके के आसार, कांग्रेस को दो सीटें देने पर अड़ी दीदी, विपक्षी गठबंधन में टूट के संकेत, सीट शेयरिंग पर जनता दल यूनाइटेड की दो टूक, हमारी 17 सीटों पर कोई समझौता नहीं।
अमर उजाला खुशखबरी शीर्षक से लिखता है – नए तेल भंडार कृष्णा गोदावरी केजी बेसिन से शुरू हुआ क्रूड निकालना, केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा, 45 हजार बैरल तेल प्रतिदिन उत्पादन की संभावना। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा – ये आत्मनिर्भर भारत के मिशन को बढाएगा आगे।
राजस्थान पत्रिका ने निर्वाचन आयोग की एडवाइजरी प्रकाशित की है। आयोग ने आपत्तिजनक शब्दों की सूची जारी करते हुए राजनैतिक दलों को सचेत किया है कि दिव्यांगजनों के प्रति आदर और सम्मान का भाव दिखाएं राजनीतिक दल, अन्यथा होगी सजा। पिछले आठ वर्षों में देश में व्यक्तिगत आय का उल्लेख करते हुए दैनिक जागरण लिखता है – कमाई बढी, आय की असमानता घटी।