हिट एण्ड रन पर मामला सुलझा गतिरोध पर ट्रांसपोर्टरों की हडताल खत्म आज के अधिकतर अखबारों के पहले पन्ने पर है। दैनिक जागरण लिखता है-केन्द्र ने दिया आश्वासन, चर्चा के बाद लागू होंगे नये प्रावधान। राजस्थान पत्रिका के अनुसार सरकार तत्काल लागू नहीं करेगी नया कानून। वहीं, पंजाब केसरी की सुर्खी है-ट्रक हडताल खत्म हुई, विचार-विमर्श के बाद ही लागू होगा कानून।
दैनिक ट्रिब्यून ने गृहमंत्री अमित शाह का ये बयान सचित्र प्रकाशित किया है- उचित प्रक्रिया के साथ चलाएं आतंकवाद रोधी अभियान और आतंक के सफाये के लिए मजबूत करें खुफिया नेटवर्क।
हिन्दुस्तान ने रणनीति शीर्षक से लिखा है-भारतीय जनता पार्टी ने लोकसभा चुनाव के लिए तैयारियां शुरू की। पार्टी में चार कमेटी बनी जो तय करेंगी आगे की गतिविधियां। इसी खबर पर वीर अर्जुन के शब्द हैं-2024 के लिए मेगा प्लान तैयार, गढा नारा तीसरी बार मोदी सरकार। इलेक्टोरल बॉण्ड की 30वीं किस्त की बिक्री 11 जनवरी तक होगी, एसबीआई की चुनिंदा शाखाओं पर मिलेंगे, दैनिक भास्कर के बॉक्स में है।
इकनॉमिक टाइम्स की खबर है-आसान हुआ बंद पडे बैंक खातों को चालू करना, आरबीआई ने निष्क्रिय खातों से होने वाले फ्रॉड को खत्म करने के लिए प्रक्रिया शुरू की। पत्र ये भी लिखता है-भारतीय रेलवे बना रहा है सुपर ऐप, टिकट बुकिंग से लेकर फूड ऑर्डर तक होंगे एक ही ऐप से।
अमर उजाला के अनुसार पश्चिम बंगाल शिक्षक भर्ती घोटाला मामले में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी से जुडी साढे सात करोड रूपये की सम्पत्ति जब्त होगी। ईडी ने प्रक्रिया शुरू की।
देशबंधु की खबर है-भारत और संयुक्त अरब अमीरात की सेनाओं के बीच राजस्थान में अभ्यास डेजर्ट साइक्लोन शुरू हुआ, 15 जनवरी तक चलेगा।
राष्ट्रीय सहारा अपने विशेष आलेख में लिखता है-आईसीयू में भर्ती के लिए नहीं चलेगी अस्पतालों की मनमानी, मरीज की या उसके परिवार की सहमति आवश्यक। नये दिशा-निर्देश जारी किये गये।
नवभारत टाइम्स के अनुसार पहली जनवरी को रिकॉर्ड 67 लाख लोगों ने दिल्ली मेट्रो में यात्रा की। पिछले साल इसी दिन 49 लाख लोगों ने किया था सफर।