आज का अखबार हिंदी 18 जनवरी 2024: आज की ताजा खबर न्यूज़ पेपर

अयोध्‍या में राम मंदिर से जुडे समाचारों को अधिकतर अ‍खबारों ने पहले पन्‍ने पर स्‍थान दिया है। अमर उजाला ने आ रहे हैं राम शीर्षक से लिखा है- रामलला की रजत प्रतिमा ने जन्‍मभूमि में किया भ्रमण। वहीं दैनिक जागरण की सुर्खी है- रामलला पहुंचे अपनी जन्‍मभूमि। राष्‍ट्रीय सहारा के अनुसार प्राण प्रतिष्‍ठा के दिन जगमगायेंगे देशभर के रेलवे स्‍टेशन। रामायण में वर्णित स्‍थानों पर बने रेलवे स्‍टेशन होंगे खास।

जनसत्‍ता ने प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी का यह बयान सचित्र प्रकाशित किया है- नौ साल में 25 करोड लोगों को गरीबी से बाहर निकाला। प्रधानमंत्री ने कहा – मोदी की गारंटी का मतलब है, वादे पूरे करने की प्रतिबद्धता।

वीर अर्जुन ने भारतीय रिजर्व बैंक के गवर्नर शक्तिकांत दास के हवाले से लिखा है- भारत की आर्थिक वृद्धि दर सात प्रतिशत रहने का अनुमान।

हिन्‍दुस्‍तान की खबर है- सेना ने स्‍वयं बनाया राइफल मैन ड्रोन। निगरानी करने और सामान ढोने के साथ-साथ असॉल्‍ट राइफल से दुश्‍मन पर बरसा सकता है गोलियां।

राजस्‍थान पत्रिका ने एच ए एल की तैयारी शीर्षक से लिखा है- उड्डयन सेवाओं के लिए भी तैयार हल्‍के विमान और हेलिकॉप्‍टर। विंग्‍स इंडिया 2024 में भी प्रदर्शित होंगे हिन्‍दुस्‍तान-228 विमान और ध्रुव हेलिकॉप्‍टर। नवभारत टाइम्‍स के अनुसार समुद्र में मछुआरों को अलर्ट करेगा नया चेतावनी सिस्‍टम। इसरो ने उन्‍नत सेटेलाइट कम्‍युनिकेशन क्षमताओं के साथ बनाया चेतावनी ट्रांसमीटर। ईरान की पाकिस्‍तान में सर्जिकल स्‍ट्राइक पंजाब केसरी के मुखपृष्‍ठ पर है। पत्र लिखता है- आतंकी गुट जैश-अल-अदल के ठिकानों को बनाया निशाना। इसी खबर पर दैनिक भास्‍कर के शब्‍द हैं- तनाव का नया दौर चार देश उलझे। शेयर बाजार में कल आई गिरावट को भी अखबारों ने पहले पन्‍ने पर स्‍थान दिया है। दैनिक भास्‍कर की सुर्खी है- अमरीका में ब्‍याज दर घटने की न्‍यूनतम संभावनाओं के बीच शेयर बाजार में बिकवाली का बवंडर। और हरिभूमि के मुखपृष्‍ठ की खबर है- इस साल साठ नई वंदे भारत होंगी लॉन्‍च।

Related posts

Leave a Comment