इस्राइल-हमास संघर्ष से जुडी खबरों को आज अखबारों ने प्रमुखता दी है। देशबंधु की खबर है- ऑपरेशन अजेय के अंतर्गत इस्राइल से भारतीय नागरिकों को निकालने के लिए कई उडानों का संचालन। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने कहा- उन सभी भारतीयों को वापस लाएंगे, जो इस्राइल से बाहर आना चाहते हैं। दैनिक जागरण की सुर्खी है- बंधकों की रिहाई पर जोर, अमरीका ने तेज किये कूटनीतिक प्रयास। दैनिक ट्रिब्यून लिखता है- शांति के लिए अमरीकी कोशिशें तेज, बाइडेन ने नेतन्याहु और अब्बास से बात की। आज फिर इस्राइल जाएंगे ब्लिंकन।
हरिभूमि ने अपने विशेष आलेख में लिखा है- विदेशमंत्री एस जयशंकर का वियतनाम में भव्य स्वागत हुआ। भारत और वियतनाम की दोस्ती से चीन हुआ परेशान।
अखबारों ने चुनावी सरगर्मियों के समाचार भी दिये हैं। जनसत्ता लिखता है- कांग्रेस ने मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ और तेलंगाना विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों की सूची जारी की, बडे चेहरों पर जताया भरोसा। पंजाब केसरी के अनुसार मध्यप्रदेश की सूची में 26 प्रतिशत ओ बी सी उम्मीदवार। राजस्थान पत्रिका की खबर है- महिलाओं को मात्र 13 प्रतिशत टिकट और 13 मौजूदा विधायकों के टिकट काटे।
देशबंधु की खबर है- भारतीय सेना के शीर्ष कमांडरों का सम्मेलन आज से। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह 18 अक्तूबर को सम्मेलन को संबोधित करेंगे।
वीर अर्जुन ने केन्द्रीय दूरसंचार और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव के हवाले से लिखा है- देश में पहला सेमीकंडक्टर संयंत्र एक साल में शुरू होगा। राष्ट्रीय सहारा की खबर है- उत्पादन से जुडी प्रोत्साहन योजना में इलेक्ट्रॉनिक्स क्षेत्र के लिए एक हजार करोड रूपये की स्वीकृति।
अमर उजाला के अनुसार- गगनयान मिशन के लिए पहला परीक्षण 21 अक्तूबर को होगा, अगले वर्ष भेजेंगे अंतरिक्ष यात्री।
नवभारत टाइम्स की सुर्खी है- हाईटेक मंचों से शुरू हुई रामलीलाएं, बॉलिवुड एक्टर से लेकर नेता भी दिखा रहे हैं मंच पर अपनी कलाकारी।
राजस्थान पत्रिका ने बदलेगा मौसम शीर्षक से लिखा है- पहाडों में बर्फबारी और मैदानों मे बारिश होने के आसार। अब सुपर अलनीनों की आशंका।
