आज का अखबार हिंदी 1 सितंबर 2023: आज की ताजा खबर न्यूज़ पेपर

संसद के विशेष सत्र की घोषणा अखबारों की बड़ी खबर है। अमर -उजाला की सुर्खी है – 18 से 22 सितम्‍बर तक संसद का विशेष सत्र। संसदीय कार्यमंत्री ने कहा- अमृत-काल में सार्थक चर्चा की उम्‍मीद। नए संसद भवन में कार्यवाही संभव। राजस्‍थान पत्रिका की टिप्‍पणी है – विशेष सत्र की घोषणा से खलबली। कुछ खास विधेयक पेश होने की संभावना।

उधर, मुंबई में विपक्षी गठबंधन आई. एन. डी. आई. ए. की बैठक पर पत्र का कहना है विपक्ष का जमावड़ा, सब ठीक बताने में जुटे विपक्षी गठबंधन के नेता। जनसत्‍ता ने सर्वोच्‍च न्‍यायालय में कहा केंद्र सरकार के बयान पर सुर्खी दी है – जम्‍मू कश्‍मीर में चुनाव कभी भी। जम्‍मू-कश्‍मीर का केंद्रशासित प्रदेश का दर्जा अस्‍थायी है और पूर्ण राज्‍य का दर्जा बहाल करने में समय लगेगा।

देश की उत्‍साहजनक अर्थव्‍यवस्‍था पर अमर-उजाला का कहना है – सात दशमलव आठ प्रतिशत की वृद्धि दर एक साल में सबसे तेज। पहली तिमाही में विश्‍व के प्रमुख देशों में भारत की विकास दर सर्वाधिक, बुनियादी उद्योगों की वृद्धि दर आठ प्रतिशत। रिजर्व बैंक का आठ प्रतिशत आर्थिक वृद्धि दर का था अनुमान। पिछले वित्‍त वर्ष की पहली तिमाही में 13 दशमलव एक प्रतिशत की रफ्तार से बढ़ी थी अर्थव्‍यवस्‍था।

दैनिक जागरण शहरी विकास मंत्री हरदीप सिंह पुरी के हवाले से लिखता है – प्रोजेक्‍ट में देरी करने वाले बिल्‍डरों को छोड़ेंगे नहीं, फंसी हुई परियोजनाओं को पूरा करने के लिए समिति की सिफारिशों पर करेंगे अमल। बिल्‍डरों को काली सूची में डालना समस्‍या का समाधान नहीं। अटके प्रोजेक्‍ट संवेदनशील मामला, पहली प्राथमिकता पीडि़त घर खरीदारों को राहत प्रदान करना है।

हिन्‍दुस्‍तान की खबर है – होम लोन के ब्‍याज में राहत की योजना जल्‍द। शहरी कार्य मंत्रालय के सचिव मनोज जोशी ने कहा – राहत देने के लिए इस माह लाई जाएगी योजना।

दैनिक भास्‍कर लिखता है – अब ट्रेनों में शराबखोरी महंगी पडेगी, मशीनों से होगी जांच। नशे में धुत होकर सफर करने वाले और ट्रेन में शराब पीने की शिकायतें मिलने के बाद रेलवे इनसे निपटने के लिए सख्‍त कदम उठाने जा रहा है।

Related posts

Leave a Comment