असम में बाढ़ की स्थिति लगातार गंभीर बनी हुई है। असम में तेज बारिश से आई बाढ़ से राज्य के 15 जिलों में दो लाख 25 हजार से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं। अरुणाचल प्रदेश और पड़ोसी देश भूटान में भी तेज बारिश हो रही है।
असम में अब तक 512 गांव बाढ से बुरी तरह प्रभावित हैं और 27 सड़कों और दो पुलों को नुकसान पहुंचने के साथ ही सोलह हजार तीन सौ 38 हेक्टेयर फसल बाढ़ के पानी में डूब गई है।
राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अनुसार बोंगाईगांव, बक्सा, बारपेटा, बिश्वनाथ, चिरांग, धेमाजी, डिब्रूगढ़, गोलाघाट, माजुली, मोरीगांव, सोनितपुर, शिवसागर, जोरहाट, लखीमपुर और तिनसुकिया बाढ़ की चपेट में हैं।
केंद्रीय जल आयोग ने बताया कि धुबरी, डिब्रूगढ़, जोरहाट, गोलपाड़ा और कोकराझार जिलों में जल स्तर खतरे के निशान को पार कर गया है।