अफगानिस्‍तान में 4 दिन का राष्‍ट्रव्‍यापी पोलियो टीकाकरण अभियान आज से शुरू

अफगानिस्‍तान में विश्‍व स्‍वास्‍थ्‍य संगठन और संयुक्‍त राष्‍ट्र बाल एजेंसी ने आज से चार दिवसीय राष्‍ट्रव्‍यापी पोलियो टीकाकरण अभियान शुरू कर दिया है। पिछले तीन वर्षों के बाद यह देश का पहला राष्‍ट्रव्‍यापी पोलियो उन्‍मूलन अभियान है।

इस दौरान 0 से 5 वर्ष तक के बच्‍चों को पोलियो की खुराक दी जाएगी। यह जानकारी कल अफगान के जन स्‍वास्‍थ्‍य मंत्रालय ने दी। तालिबान के नियंत्रण के पहले पिछले तीन वर्षों के दौरान लगभग 33 लाख बच्‍चों को पोलियो की खुराक नहीं दी जा सकी थी। अफगानिस्तान में संयुक्त राष्ट्र संघ की टीम द्वारा चलाए जा रहे टीकाकरण अभियान का कुछ गुटों ने विरोध किया था। इन गुटों को संदेह था कि ये टीमें पुरानी सरकार या पश्चिमी देशों के लिए जासूसी कर रही हैं।

तालिबान के कार्यवाहक जन स्‍वास्‍थ्‍य मंत्री डॉ. कलंदर इबाद ने कहा है कि नि:संदेह पोलियो एक बीमारी है जो बच्‍चों की जान ले सकती है या फिर उन्‍हें स्‍थायी तौर पर विकलांग बना सकती है। इसका एकमात्र इलाज टीकाकरण है। विश्‍व में केवल अफगानिस्‍तान और पड़ोसी पाकिस्‍तान ऐसे देश हैं, जहां पोलियो अब भी एक महामारी है और यह बच्‍चों में आंशिक विेकलांगता का कारण बन सकती है।

Related posts

Leave a Comment