अफगानिस्तान की राजधानी काबुल में कल दर्जनों महिलाओं ने काम करने के अपने अधिकार, भावी सरकार में अपनी भूमिका और तालिबान के साथ बातचीत में शामिल होने की मांग करते हुए प्रदर्शन किया।
50 महिलाओं ने राष्ट्रपति भवन की ओर बढ़ते हुए विरोध प्रदर्शन की शुरूआत की। तालिबान ने उन्हें तितर-बितर करने के लिए मिर्च के स्प्रे और आंसू गैस का इस्तेमाल किया। तालिबान के नेतृत्व में बनने वाली सरकार में अपने अधिकारों की मांग करते हुए महिलाओं ने काबुल और पश्चिमी शहर हैरात में कम से कम चार बार विरोध प्रदर्शन किया है।
महिलाओं की भीड़ को तालिबान ने चारों ओर से घेरा हुआ था। महिलाओं को एक-एक कर अपने घर जाने को कहा गया। प्रदर्शन में भाग लेने वाली एक महिला ने बताया कि यह प्रदर्शन तालिबान के वरिष्ठ नेता शेर मोहम्मद अब्बास स्तानिकज़ई के हाल के बयान के विरोध में हो रहा है। उन्होंने एक भेंटवार्ता में कहा था कि तालिबान के नेतृत्व में बनने वाली सरकार में उच्च पदों पर महिलाओं की कोई भूमिका नहीं होगी।