हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवार 29 अक्तूबर तक पर्चें वापस ले सकते हैं। निर्वाचन आयोग ने 12 नवम्बर को होने वाले मतदान के लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं। हिमाचल के मुख्य चुनाव अधिकारी मनीष गर्ग ने आकशवाणी को बताया कि आज नामांकन पत्रों की जांच होगी।
हिमाचल में 12 नवम्बर को चुनाव होने है। उसके मद्देनजर 25 अक्टूबर तक नामांकन की अंतिम तिथि थी और अंतिम तिथि तक हमारे पास 551 व्यक्तियों ने 786 नामांकन पत्र दाखिल किए हैं। जिनकी आज जांच होनी है। 29 तारीख विदड्रॉल की अंतिम तिथि है। तो विदड्रॉल के बाद ही लिस्ट ऑफ कन्टेस्टिंग फाइनल होनी है।
इस बीच, राज्य में चुनाव प्रचार में तेजी आ रही है। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और केन्द्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने कल ऊना जिले के कुटलाहार विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में भाजपा उम्मीदवार वीरेन्द्र कंवर के पक्ष में प्रचार किया। जनसभा को सम्बोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा की डबल इंजन की सरकार के प्रयासों के कारण राज्य का चहुंमुखी विकास हो पाया है। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस की अध्यक्ष और सांसद प्रतिभा सिंह ने भी किन्नौर जिले में सांगला और कूल्लू जिले में अनी सीट पर चुनावी जनसभाओं को सम्बोधित किया।
