सरकार ने वर्ष 2022-23 के लिए मुख्‍य फसलों के उत्‍पादन के अंतिम अनुमान 18 अक्टूबर, 2023 को जारी किये

सरकार ने वर्ष 2022-23 के लिए मुख्‍य फसलों के उत्‍पादन के अंतिम अनुमान 18 अक्टूबर, 2023 को जारी किये

कृषि एवं किसान कल्‍याण विभाग द्वारा वर्ष 2022-23 के लिए मुख्‍य फसलों के उत्‍पादन के अंतिम अनुमान 18 अक्टूबर, 2023 को जारी कर दिए गए हैं। विभिन्‍न फसलों के उत्‍पादन का मूल्‍यांकन राज्‍यों से प्राप्‍त आंकड़ो पर आधारित है और अन्‍य स्रोतों से उपलब्‍ध सूचनाओं से इसे सत्‍यापित किया गया है।

वर्तमान कृषि वर्ष में, पारंपरिक रूप से अगस्त में जारी किए जाने वाले चौथे अग्रिम अनुमान को अंतिम अनुमान से बदल दिया गया है, जिसे अब अगली फरवरी के स्थान पर अक्टूबर में प्रकाशित किया जाता है। यह परिवर्तन कृषि वर्ष के समापन के कुछ महीनों बाद ही प्रमुख कृषि फसलों के लिए निर्णायक मूल्यांकन के त्वरित प्रावधान की अनुमति देता है। इसके अलावा, इस कृषि वर्ष में, फसल अनुमान में रबी मौसम को जायद मौसम से अलग करके अधिक सटीक दृष्टिकोण अपनाया गया है। पूर्व में, इन दोनों मौसमों को रबी श्रेणी के अंतर्गत जोड़ा जाता था। यह कार्यनीतिक विभाजन चावल, ज्वार, बाजरा, मक्का, उड़द, मूंग, मूंगफली, सूरजमुखी और तिल जैसी विशिष्ट फसलों के लिए कार्यान्वित किया गया है।

वर्ष 2012-13 से आगे के वर्षों के उत्पादन के तुलनात्‍मक अनुमान संलग्न हैं। अंतिम अनुमानों के अनुसार, 2022-23 के दौरान मुख्‍य फसलों का अनुमानित उत्‍पादन इस प्रकार है:

खाद्यान्‍न –3296.87 लाख टन

चावल–1357.55 लाख टन

गेहूँ–1105.54 लाख टन

पोषक/मोटे अनाज– 573.19 लाख टन

मक्‍का- 380.85 लाख टन

दलहन- 260.58 लाख टन

तूर- 33.12 लाख टन

चना- 122.67 लाख टन

तिलहन – 413.55 लाख टन

मूंगफली–102.97 लाख टन

सोयाबीन–149.85 लाख टन

रेपसीड एवं सरसो – 126.43 लाख टन

गन्‍ना –4905.33 लाख टन
कपास–336.60 लाख गांठें (प्रति 170 कि. ग्रा.)
पटसन एवं मेस्‍टा–93.92 लाख गांठें (प्रति 180 कि. ग्रा.)

वर्ष 2022-23 के अंतिम अनुमान के अनुसार, देश में कुल खाद्यान्‍न उत्‍पादन रिकॉर्ड 3296.87 लाख टन अनुमानित है जो वर्ष 2021-22 के दौरान प्राप्त 3156.16 लाख टन खाद्यान्न उत्‍पादन की तुलना में 140.71 लाख टन अधिक है। इसके अलावा,वर्ष 2022-23 के दौरान खाद्यान्‍न उत्‍पादन विगत पांच वर्षों (2017-18 से 2021-22) के औसतखाद्यान्‍न उत्‍पादन की तुलना में 308.69 लाख टन अधिक है।

वर्ष 2022-23 के दौरान चावल का कुल उत्‍पादन रिकॉर्ड 1357.55 लाख टन अनुमानित है। यह पिछले वर्ष के 1294.71 लाख टन चावल उत्पादन से 62.84 लाख टन एवं विगत पांच वर्षों के 1203.90 लाख टन औसत उत्‍पादन से 153.65 लाख टन अधिक है।

वर्ष 2022-23 के दौरान गेहूँ का कुल उत्‍पादन रिकॉर्ड 1105.54 लाख टन अनुमानित है। यह पिछले वर्ष के 1077.42 लाख टन गेहूं उत्पादन से 28.12 लाख टन एवं 1057.31 लाख टन औसत गेहूं उत्‍पादन की तुलना में 48.23 लाख टन अधिक है।

पोषक/मोटे अनाजों का उत्‍पादन 573.19 लाख टन अनुमानित है, जो वर्ष 2021-22 के दौरान प्राप्त 511.01 लाख टन उत्‍पादन की तुलना में 62.18 लाख टन अधिक है। इसके अलावा, यह औसत उत्‍पादन से भी 92.79 लाख टन अधिक है। श्री अन्न का उत्पादन 173.20 लाख टन अनुमानित है।

वर्ष 2022-23 के दौरान कुल दलहन उत्‍पादन 260.58 लाख टन अनुमानित है जो विगत पांच वर्षों के 246.56 लाख टन औसत दलहन उत्‍पादन की तुलना में 14.02 लाख टन अधिक है। वर्ष 2022-23 के दौरान देश में कुल तिलहन उत्‍पादन रिकॉर्ड 413.55 लाख टन अनुमानित है जो वर्ष 2021-22 के दौरान उत्‍पादन की तुलना में 33.92 लाख टन अधिक है। इसके अलावा, वर्ष 2022-23 के दौरान तिलहनों का उत्पादन 340.22 लाख टन औसत तिलहन उत्‍पादन की तुलना में 73.33 लाख टन अधिक है।

वर्ष 2022-23 के दौरान देश में गन्‍ने का उत्‍पादन 4905.33 लाख टन अनुमानित है। वर्ष 2022-23 के दौरान गन्‍ने का उत्‍पादन पिछले वर्ष के 4394.25 लाख टन गन्ना उत्पादन से 511.08 लाख टन अधिक है।

कपास का उत्‍पादन 336.60 लाख गांठें (प्रति 170 किग्रा की गांठे) अनुमानित हैं जो पिछले वर्ष के कपासउत्‍पादन की तुलना में 25.42 लाख गांठें अधिक है। पटसन एवं मेस्‍ता का उत्‍पादन 93.92लाख गांठें (प्रति 180 किग्रा की गांठे) अनुमानित हैं।

Related posts

Leave a Comment