केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने आज कहा कि सरकार ने दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे और हैदराबाद-बैंगलोर राजमार्ग पर ऑप्टिकल फाइबर केबल बिछाने की दो पायलट परियोजनाएं शुरू की हैं, जो कुल 1880 किलोमीटर की दूरी तय करती हैं। आज लोकसभा में एक पूरक प्रश्न का उत्तर देते हुए उन्होंने कहा कि पायलट परियोजनाओं के अनुभव और व्यवहारिकता अध्ययन के परिणाम के आधार पर देश में राष्ट्रीय राजमार्गों के नेटवर्क के लिए ओएफसी बिछाने का कार्यक्रम तैयार किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि बुलेट ट्रेन और हाइपर लूप के लिए ट्रैक बनाने के अलावा दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे को 16 लेन तक विस्तारित करने के लिए 120 मीटर तक की चौड़ाई में जमीन उपलब्ध है। मंत्री ने कहा कि दिल्ली-जयपुर एक्सप्रेसवे पर ई-हाईवे बनाने की पायलट परियोजना ट्रकों और बसों को ओवरहेड इलेक्ट्रिक केबल का उपयोग करने की अनुमति देगी।