सरकार ने संसद के वर्षाकालीन सत्र के दौरान दोनों सदनों की सुचारू कार्यवाही में सभी राजनीतिक दलों का सहयोग सुनिश्चित करने के लिए आज सर्वदलीय बैठक बुलाई है। संसद का यह सत्र कल से शुरू हो रहा है। राज्य सभा के सभापति एम० वेंकैया नायडू भी आज उपरी सदन में विभिन्न दलों के सदन नेताओं के साथ बैठक करेंगे। कल लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सर्वदलीय बैठक की अध्यक्षता की थी।
इस सत्र में जो 75 साल की हमारी यात्रा है जिस यात्रा में लोकतंत्र सशक्त हुआ है मजबूत हुआ है। हमारी कोशिश होनी चाहिए कि लोकतांत्रिक संस्थाओं के प्रति जनता का विश्वास, भरोसा और बढ़े इसलिए सदन के अंदर सार्थक चर्चा हो, सकारात्मक चर्चा हो, देश हित में चर्चा हो, ताकि समाज के अंतिम व्यक्तियों की बात भी सदन में आ सके और सरकार उसी तरीके से सकारात्मक रूप से उस अंतिम व्यक्ति का कल्याण इस अमृत महोत्सव में करे, ऐसी मैंने अपेक्षा की है। मुझे सभी दलों ने आश्वास्त किया है कि सदन की कार्यवाही बिना व्यवधान के चलेगी।
राष्ट्रपति और उप-राष्ट्रपति चुनाव के कारण संसद का यह सत्र बहुत ही महत्वपूर्ण होगा।
संसद का मॉनसून सत्र सोमवार से शुरू होकर 12 अगस्त तक चलेगा। सत्र के दौरान कुल 18 बैठकें होंगी। यह सत्र इसलिए भी महत्वपर्ण है क्योंकि इस दौरान राष्ट्रपति और उपराष्ट्रपति पद का चुनाव कराया जायेगा। राष्ट्रपति का चुनाव 18 जुलाई को होगा जबकि उपराष्ट्रपति का चुनाव अगले महीने की छह तारीख को किया जायेगा। सत्र के दौरान कुछ महत्वपूर्ण विधयकों के पेश किये जाने की संभावना है जिसमें परिवार न्यायालय संशोधन विधेयक, वन संरक्षण संशोधन विधेयक और प्रेस और पत्र-पत्रिका पंजीकरण विधेयक 2022 शामिल हैं। वहीं मॉनसून सत्र में विपक्ष द्वारा महंगाई, अन्गिपथ योजना सहित अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों के उठाये जाने की संभावना है।