वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा है कि सरकार के पिछले छह वर्षों में किए गए निरंतर और साहसिक सुधारों ने भारत को व्यापार करने का एक महत्वपूर्ण स्थान बना दिया है। उन्होंने कहा कि भारत व्यापक आर्थिक स्थिरता, ढांचा आधारित आर्थिक विकास के अवसरों और वित्तीय क्षेत्र के सुधारों की मदद से विश्वस्तर पर आर्थिक महाशक्ति के रूप में उभर रहा है।
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कल वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से भारत-अमरीका सामरिक भागीदारी मंच द्वारा आयोजित वैश्विक निवेशक गोलमेज सम्मेलन में हिस्सा लिया। इस दौरान, निवेशकों ने भारत में निवेश के संभावित अवसरों और जारी नीतिगत सुधारों पर विचार-विमर्श किया।
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि भारत, अमेरिकी निवेशकों के साथ दीर्घकालिक संबंधों के लिए प्रतिबद्ध है और निवेशकों के लिए बहु-क्षेत्रीय अवसर प्रदान करता है और यहां निवेश के बहुत बड़े अवसर हैं।
भारत-अमेरिका सामरिक भागीदारी मंच लाभ न कमाने वाला संगठन है। इसका प्रमुख उद्देश्य भारत-अमरीका के बीच द्विपक्षीय और सामरिक साझेदारी को मजबूत करना है।