विदेश मंत्री डाक्टर सुब्रह्मण्यम जयशंकर ने कहा है कि भले ही दुनिया आतंकवाद की चुनौती के विरुद्ध एकजुट होकर सामूहिक रूप से सामने आ रही है, लेकिन अब भी आतंकवादियों के बचाव के लिए बहुपक्षीय मंचों का दुरुपयोग हो रहा है।
डॉक्टर जयशंकर का ईशारा चीन की ओर था, जिसने जैश-ए-मोहम्मद सरगना मसूद अजहर जैसे पाकिस्तानी आतंकवादियों को ब्लैक लिस्ट करने के लिए कई अवसरों पर भारत और अमेरिका के आह्वान का विरोध किया। विदेश मंत्री कल रात न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में ‘अंतरराष्ट्रीय शांति और सुरक्षा बनाए रखने में बेहतर बहुपक्षवाद की नई नीति’ विषय पर खुली बहस की अध्यक्षता कर रहे थे। डॉ. जयशंकर ने बहुपक्षवाद के मुद्दे पर चर्चा के लिए संयुक्त राष्ट्र की बैठक में कश्मीर मुद्दे को अनावश्यक रूप से उठाने के लिए पाकिस्तान की आलोचना की। उन्होंने कहा, ऐसा पहली बार नहीं हुआ, जब पाकिस्तान ने अपने द्विपक्षीय मुद्दों पर चर्चा के लिए संयुक्त राष्ट्र के मंच का दुरुपयोग किया है।