विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर ने कल दिल्ली में ब्रिटेन की विदेश मंत्री एलिजाबेथ ट्रस के साथ द्विपक्षीय बातचीत की। दोनों नेताओं ने पिछले साल वर्चुअल शिखर बैठक में दोनों देशों के प्रधानमंत्रियों की बीच बनी सहयोग सहमति- रोडमैप 2030 में प्रगति की वार्षिक समीक्षा की।
प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए उन्होंने व्यापार, निवेश, रक्षा, सुरक्षा, शिक्षा, विज्ञान, प्रौद्योगिकी, जलवायु सहयोग और हरित ऊर्जा के प्राथमिकता वाले क्षेत्रों में सहयोग तेज़ करने पर सहमति जताई। दोनों पक्षों ने भारत-ब्रिटेन मुक्त व्यापार समझौता वार्ता में हुई प्रगति की सराहना की।
दोनों विदेश मंत्रियों ने आपसी हित के क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी बातचीत की। यूक्रेन संघर्ष पर दीर्घकालिक शांति के लिए भारत ने हिंसा तत्काल रोकने और बातचीत तथा कूटनीति से इसका समाधान निकालने का अपना रूख फिर दोहराया।