रूस की निजी सैन्य कंपनी वैगनर के प्रमुख येवगेनी प्रिगोझिन ने सरकार के साथ तनाव कम करने के लिए हुए समझौते के तहत अपने सैनिकों को पड़ोसी देश बेलारूस जाने का आदेश दिया है। रूस के राष्ट्रपति कार्यालय-क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने घोषणा की कि वैगनर सैनिकों के बेलारूस जाने पर येवगेनी प्रिगोझिन के खिलाफ सशस्त्र विद्रोह का मामला नहीं चलाया जाएगा और विद्रोह में शामिल सैनिकों को भी मुकदमे का सामना नहीं करना पड़ेगा। प्रवक्ता ने कहा कि विद्रोह में शामिल न हुए वैगनर लड़ाकों को रक्षा मंत्रालय अनुबंध पर रखेगा।
प्रिगोझिन ने कहा कि उसने अपने सैनिकों को मॉस्को की तरफ बढ़ने से रोकने और यूक्रेन में सैन्य शिविरों में वापस लौटने का आदेश दिया है जहां वे रूसी सैनिकों के साथ मिलकर लड़ रहे थे। इस समझौते की मध्यस्थता बेलारूस के राष्ट्रपति अलेक्जेंडर लुकाशेंको ने की।
रूस ने यूक्रेन के खिलाफ सैन्य अभियान 16 महीने पहले शुरु किया था। यूक्रेन के पूर्वी शहर बाखमुट पर कब्जा करने में वैगनर सैनिकों की बड़ी भूमिका रही है। सबसे लंबा और खूनी संघर्ष इसी इलाक़े में हुआ था।