बर्मिंघम में चल रहे राष्ट्रमंडल खेलों में भारत ने कल पहले दिन अपने अभियान की शानदार शुरुआत की। तैराकी में, श्रीहरि नटराज ने पुरुषों की 100 मीटर बैकस्ट्रोक के फाइनल में जगह बनाई। फाइनल आज देर रात खेला जाएगा। टेबल टेनिस में मौजूदा चैम्पियन भारत ने पुरुष और महिला दोनों वर्ग के क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है। पुरुष वर्ग में भारत ने बारबाडोस और सिंगापुर को और भारतीय महिला टीम ने दक्षिण अफ्रीका और फिजी को हराया।
भारतीय महिला हॉकी टीम ने भी अपने पूल-ए मैच में घाना पर 5-0 से जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत की। बैडमिंटन में, भारत ने ग्रुप-ए में पाकिस्तान को 5-0 से शिकस्त दी। मुक्केबाज शिव थापा ने पाकिस्तान के सुलेमान बलूच को हराकर प्री-क्वाटर फाइनल में प्रवेश किया। राष्ट्रमंडल खेलों में भारत की सबसे कम उम्र के खिलाड़ी 14 वर्षीय अनाहत सिंह ने स्क्वाश में महिला सिंगल्स राउंड ऑफ 32 में जगह बनाई। वहीं पुरुष सिंगल्स में, अभय सिंह ने भी अगले दौर में प्रवेश कर लिया है। महिला क्रिकेट में भारत को ग्रुप-ए के मैच में ऑस्ट्रेलिया से तीन विकेट से हार का सामना करना पड़ा। आज भारोत्तोलन, बैडमिंटन, मुक्केबाजी, स्क्वाश, तैराकी, टेबल टेनिस, साइकिलिंग और लॉन बॉल में भारत अपनी चुनौती पेश करेगा।
राष्ट्रमंडल खेलों में भाग ले रहे खिलाड़ियों को चियर करने और श्रोताओं को इससे जोड़ने के लिए राष्ट्रमंडल खेल क्विज की शुरूआत की।