रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि देश में विकास इसलिए हो रहा है क्योंकि भारत की सीमाएं सुरक्षित हैं। राजनाथ सिंह आज देहरादून में 7वें सशस्त्र बल पूर्व सैनिक दिवस समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जब भी आवश्यकता पड़ी है, उत्तराखंड के वीरों ने राष्ट्रीय एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा के लिए अपने अदम्य साहस तथा शौर्य का परिचय दिया है।
रक्षा मंत्री ने कहा कि भूतपूर्व सैनिकों की भलाई तथा उनका कल्याण सुनिश्चित करना सरकार का कर्तव्य है और इस दिशा में कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। उन्होंने बताया कि पूर्व सैनिकों के कल्याण के लिए रक्षा मंत्रालय में एक विशेष विभाग भी कार्यरत है। राजनाथ सिंह ने कहा कि सरकार की तरफ से जो भी पेंशन, चिकित्सा और अन्य सुविधाएं प्रदान की जाती हैं, वे पूर्व सैनिकों के प्रति सम्मान दिखाने के लघु माध्यम मात्र हैं।
रक्षा मंत्री ने कहा कि जब भी वे देश के वीरों के बीच पहुंचते हैं, तो उनका शीश श्रद्धा से झुक जाता है। उन्होंने कहा कि पूर्व सैनिकों ने देश की सीमाओं की रक्षा की है और इसकी एकता तथा अखंडता को बनाए रखा है।
इससे पहले, राजनाथ सिंह और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कर्तव्य पालन के दौरान अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर सैनिकों को देहरादून में शौर्य स्थल युद्ध स्मारक पर श्रद्धांजलि अर्पित की।