मौसम विभाग ने तमिलनाडु और केरल में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है और अगले 2-3 दिनों में तेज वर्षा का अनुमान व्यक्त किया है। मौसम विभाग ने भूमध्यरेखीय हिंद महासागर और दक्षिण श्रीलंका तट से सटे दक्षिण पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर चक्रवात के परिसंचरण को तमिलनाडु, केरल और पुदुचेरी में तेज वर्षा का मुख्य कारण बताया है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान दक्षिण केरल में भी तेज बारिश की आशंका व्यक्त की है।
मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण तमिलनाडु के कई स्थानों पर कल मध्यम बारिश की संभावना है। तमिलनाडु के कन्याकुमारी, तिरुनेलवेली, थूथुकुडी और तेनकासी जिलों सहित विशिष्ट क्षेत्रों में भी तेज बारिश के आसार हैं। रामनाथपुरम, शिवगंगई, विरुधुनगर, तंजावुर, पुदुक्कोट्टई और थेनी जिलों में भी तेज बारिश हो सकती है।दक्षिण तमिलनाडु में कुछ स्थानों पर मंगलवार को हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जबकि उत्तरी तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में एक या दो स्थानों पर गरज के साथ बिजली गिर सकती है।