मेघालय में खंडित जनादेश के बावजूद भारतीय जनता पार्टी और कोनारड संगमा के नेतृत्व में नेशनल पीपुल्स पार्टी मिलकर सरकार गठित कर सकती है। भारतीय जनता पार्टी ने पिछली बार की तरह इस बार भी दो सीटों पर विजय दर्ज की है जबकि एनपीपी ने पिछली बार से छह सीटें अधिक लेकर 26 सीटें जीती हैं। क्षेत्रीय यूनाइटेड डेमोक्रेटिक पार्टी 11 सीटों के साथ सदन में दूसरी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है।
असम के मुख्यमंत्री और उत्तर-पूर्व लोकतांत्रिक गठबंधन के प्रमुख हिमंता बिस्व सरमा ने बताया कि कोनारड संगमा ने भारतीय जनता पार्टी से संपर्क किया है। हिमंता सरमा ने ट्वीट में कहा कि मेघालय के मुख्यमंत्री कोनारड संगमा ने भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता अमित शाह से बात की है और नई सरकार के गठन में उनके समर्थन और आर्शीवाद की अपेक्षा की है। हिमंता सरमा ने यह भी कहा कि भाजपा अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने भारतीय जनता पार्टी की राज्य इकाई को मेघालय में नई सरकार का गठन करने में एनपीपी को समर्थन देने की सलाह दी है।