मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के 230 विधानसभा सीटों के लिए मतदान शुरू हुए। मध्य प्रदेश में मतदान आज सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक होगा। बालाघाट जिले की बैहर, लांजी और परसवाड़ा विधानसभा सीटों और मंडला और डिंडौरी जिले के कुछ मतदान केन्द्रों पर दोपहर तीन बजे तक ही वोट डाले जाएंगे। 252 महिलाओं समेत कुल दो हजार 533 उम्मीदवार मैदान में हैं। राज्य के मुख्य चुनाव अधिकारी अनुपम राजन ने बताया कि 42 हजार मतदान केंद्रों पर वेब कास्टिंग की सुविधा उपलब्ध करायी गई है। सुरक्षा के लिए केंद्रीय बलों की 700 कंपनियों के साथ-साथ राज्य के दो लाख पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है।
मध्य प्रदेश में 5 करोड़ 59 लाख 83 हजार से ज्यादा मतदाता हैं। इनमें पुरुषों की संख्या करीब 2 करोड़ 87 लाख और महिलाओं की संख्या 2 करोड़ 71 लाख है। इसके अलावा थर्ड जेंडर के भी एक हजार दो सौ बानवे मतदाता हैं। चुनाव आयोग ने 64 हजार 626 मतदान केंद्र बनाए हैं। इनमें से 17 हजार 32 मतदान केंद्र संवेदनशील हैं। यहां सुरक्षा के खास इंतजाम किए गए हैं। मध्य प्रदेश में पहली बार युवाओं को भी 3 सौ 71 मतदान केंद्र संभालने की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं महिलाओं द्वारा संचालित 5 हजार एक सौ 60 पिंक बूथ और दिव्यांगों द्वारा संचालित एक सौ 83 मतदान केंद्र भी हैं। इसके अलावा तीन हजार आदर्श मतदान केंद्र और 60 पर्यावरण अनुकूल यानी ग्रीन मतदान केंद्र भी बनाए गए हैं।