भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता अमित शाह ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के 10 वर्ष गरीब कल्याण और विकास को समर्पित रहे हैं। राजस्थान के उदयपुर में आज कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए अमित शाह ने केंद्र सरकार की ओर से किये गये विकास के कार्यों का उल्लेख किया।
गृहमंत्री ने कहा कि मोदी सरकार ने देश के 25 करोड़ गरीबों को गरीबी रेखा से बाहर लाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार हर गरीब को घर, नल कनेक्शन और बिजली के साथ करोड़ों लोगों को हर महीने मुफ्त राशन देने का काम कर रही है।
अमित शाह ने कहा कि देश में मोदी सरकार बनने के बाद कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाने का ऐतिहासिक काम किया गया। देश की अर्थव्यवस्था 11वें स्थान से पांचवें स्थान पर आ चुकी है। उन्होंने कहा कि पिछले 10 वर्ष में नरेंद्र मोदी सरकार ने सुव्यवस्थित प्रशासन दिया है, जिस पर भ्रष्टाचार का एक भी आरोप नहीं है।
अमित शाह ने कहा कि विपक्षी दलों का गठबंधन सात परिवारों का गठबंधन है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस देश का विभाजन करने पर तुली है। उनके नेता देश के विभाजन की मांग करते हैं। अमित शाह ने कहा कि कांग्रेस पार्टी देश को सुरक्षित नहीं रख सकती और ना देश का विकास कर सकती है। इससे पहले कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार पेपर लीक माफिया और संगठित अपराधियों के खिलाफ कड़ाई से कार्रवाई कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने घोषणा पत्र में जो वादे किये हैं उन्हें पूरा किया जायेगा।
राजस्थान से राज्यसभा के लिए 3 सीटों पर 3 प्रत्याशियों को निर्वाचित निर्वाचित घोषित किया गया है। राज्यसभा के निर्वाचन अधिकारी महावीर प्रसाद शर्मा ने भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार चुन्नी लाल गरासिया तथा मदन राठौड और इण्डियन नेशनल कांग्रेस की उम्मीदवार सोनिया गांधी को निर्वाचित घोषित किया।
प्रदेश से राज्यसभा की रिक्त हुई तीन सीटों के लिए विधानसभा में सदस्यों की संख्या के आधार पर कांग्रेस ने पार्टी की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी को जबकि भाजपा ने चुन्नी लाल गरासिया तथा मदन राठौड़ को अपना प्रत्याशी बनाया था। नाम वापसी की का समय समाप्त होने के बाद तीनों प्रत्याशियों को निर्वाचित घोषित कर दिया गया। निर्वाचित होने के बाद मदन राठौड़ और चुन्नीलाल गरासिया ने विधानसभा पहुंचकर प्रमाण पत्र प्राप्त किया। सोनिया गांधी की ओर से उनके एजेंट कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने निर्वाचन संबन्धी प्रमाण पत्र प्राप्त किया।