भारत ने आज नई दिल्ली में यूरोपीय मुक्त व्यापार संघ- ईएफटीए के साथ व्यापार और आर्थिक भागीदारी समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं। ये हस्ताक्षर वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल की मौजूदगी में किये गये।
इस अवसर पर पीयूष गोयल ने कहा कि इस समझौते के तहत यूरोपीय मुक्त व्यापार संघ के देश भारत में सौ अरब डॉलर का निवेश करेंगे। इससे रोजगार के कई अवसर पैदा होंगे। इन देशों में आइसलैंड,लिसटेन्सटाइन, नॉर्वे और स्विट्जरलैंड शामिल हैं।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि दस मार्च 2024 का दिन भारत और यूरोपीय मुक्त व्यापार समझौते से जुड़े देशों के साथ द्विपक्षीय समझौतों के लिए याद रखा जाएगा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि व्यापार और आर्थिक भागीदारी समझौता मुक्त, निष्पक्ष, समानता पूर्ण व्यापार, आर्थिक वृद्धि और युवाओं के लिए रोजगार के प्रति साझा समर्पण का प्रतीक है। एक पत्र में उन्होंने कहा है कि दस मार्च 2024 का दिन भारत और यूरोपीय मुक्त व्यापार समझौते से जुड़े देशों- स्विट्जरलैंड, नॉर्वे, आइसलैंड और लिशटेन्सटाइन के साथ द्विपक्षीय समझौतों के लिए याद रखा जाएगा।
प्रधानमंत्री ने कहा कि सांस्कृतिक भिन्नता के बावजूद हमारी अर्थव्यवस्था में ऐसा बहुत कुछ है जो सभी देशों के लिए अनुकूल है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पिछले दस वर्षों में भारत की अर्थव्यवस्था ने एक लम्बी छलांग लगाई है और अब भारत दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है। उन्होंने कहा कि अगला लक्ष्य भारत को तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने का है।
