भारत ने पाकिस्तान में अल्पसंख्यक समुदाय के सदस्यों को लगातार निशाना बनाये जाने पर पाकिस्तान सरकार से कडी आपत्ति दर्ज की है। पाकिस्तान के पेशावर में दो सिख व्यापारियों की हत्या को लेकर मीडिया के सवाल पर विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने कहा कि यह पाकिस्तान में इस तरह की पहली घटना नहीं है। उन्होंने कहा कि इस घटना को लेकर सिख समुदाय और भारत में समाज के विभिन्न वर्गों ने गंभीर चिंता प्रकट की है। उन्होंने बताया कि भारत ने संबंधित प्राधिकारियों से इस मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कडी कार्रवाई करने की मांग की है। अरिंदम बागची ने कहा कि भारत को आशा है कि पाकिस्तान सरकार अपने यहां अल्पसंख्यक समुदायों की सुरक्षा सुनिश्चित करेगी।
भारत ने पाकिस्तान में अल्पसंख्यक समुदाय के सदस्यों को लगातार निशाना बनाये जाने पर कडी आपत्ति दर्ज की