भारत और चीन के बीच सैन्य स्तर की वार्ता का 16वां दौर आज होगा। दोनों देशों के सैन्य कमांडर आज सुबह वास्तविक नियंत्रण रेखा पर भारत की ओर चुशुल-मोल्डो स्थल पर बैठक करेंगे। इस बैठक में मुख्य रूप से पूर्वी लद्दाख में वास्तविक नियंत्रण रेखा से लगे क्षेत्रों से सेना हटाए जाने पर बातचीत होगी।
विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर ने अपने चीनी समकक्ष वांग यी के साथ बाली में जी-20 विदेश मंत्रियों की बैठक से इतर मुलाकात के बाद इस दौर की वार्ता हो रहा हैं। पूर्वी लद्दाख में सीमा पर शांति बहाल करने के लिए देपसांग और डेमचोक में मुद्दों के समाधान की मांग के अलावा सभी शेष घर्षण बिंदुओं से सैनिकों को जल्दी से हटाने के लिए भारत दबाव बना रहा है। चीनी पीपुल्स लिबरेशन आर्मी एयर फ़ोर्स द्वारा वास्तविक नियंत्रण रेखा, पर घर्षण बिंदुओं में से एक के करीब लड़ाकू विमानों को उड़ाने के बारे में भी भारत चिंताएँ जता सकता है। लेह स्थित फायर एंड फ्यूरी जनरल ऑफिसर कमांडिंग लेफ्टिनेंट जनरल अनिंद्य सेनगुप्ता भारतीय सेना के प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करेंगे, जबकि दक्षिण शिनजियांग सैन्य जिला प्रमुख मेजर जनरल यांग लिन वार्ता में चीनी पीपुल्स लिबरेशन आर्मी का नेतृत्व करेंगे।