प्रधानमंत्री मोदी ने राष्‍ट्रीय ताप विदयुत निगम की पांच हजार दो सौ करोड रूपये लागत की विभिन्‍न हरित ऊर्जा परियोजनाओं की आधारशिला रखी

प्रधानमंत्री मोदी ने राष्‍ट्रीय ताप विदयुत निगम की पांच हजार दो सौ करोड रूपये लागत की विभिन्‍न हरित ऊर्जा परियोजनाओं की आधारशिला रखी

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने विद्युत मंत्रालय के प्रमुख कार्यक्रम पुनर्विकसित वितरण क्षेत्र योजना का शुभारंभ किया। इस योजना का उद्देश्य वितरण कंपनियों-डिस्‍कॉम और बिजली विभागों की परिचालन क्षमता और वित्तीय स्थिरता में सुधार लाना है। इस योजना को वित्तीय वर्ष 2021-22 से 2025-26 तक पांच वर्षों की अवधि के लिए 3 लाख करोड़ रुपये से अधिक के परिव्यय के साथ लागू किया जा रहा है। इसका उद्देश्य बिजली वितरण के बुनियादी ढांचे के आधुनिकीकरण और सुदृढ़ीकरण के लिए डिस्कॉम कंपनियों को वित्तीय सहायता प्रदान करना है, जिससे उपभोक्ताओं के लिए आपूर्ति की विश्वसनीयता और गुणवत्ता में सुधार हो सके।

प्रधानमंत्री मोदी ने कार्यक्रम के दौरान वीडियो काफ्रेंस के माध्‍यम से ‘उज्ज्वल भारत उज्ज्वल भविष्य – पावर @ 2047’ योजना का उद्घाटन किया। छह दिवसीय कार्यक्रम आजादी का अमृत महोत्‍सव के एक हिस्‍से के रूप में आयोजित किया गया है। आज इसका समापन हो गया। इसमें विद्युत क्षेत्र के पिछले आठ वर्षों की उपलब्धियों को दर्शाया गया।

कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री ने पांच हजार दो सौ करोड़ रुपए से अधिक की एनटीपीसी की विभिन्‍न हरित ऊर्जा परियोजनाओं का शिलान्‍यास और लोकार्पण किया। प्रधानमंत्री मोदी ने तेलंगाना के 100 मेगावाट रामागुंडम फ्लोटिंग सोलर प्रोजेक्‍ट और केरल 92 मेगावाट कायमकुलम फ्लोटिंग सोलर प्रोजेक्ट का भी उद्घाटन किया। उन्‍होंने राजस्‍थान में 735 मेगावाट की नोख सौर परियोजना, लेह में ग्रीन हाइड्रोजन मोबिलिटी परियोजना और गुजरात में कावास प्राकृतिक गैस के साथ ग्रीन हाइड्रोजन सम्मिश्रण परियोजना की आधारशिला रखी।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी ने राष्‍ट्रीय सौर रूफटॉप पोर्टल का शुभारंभ किया। इस पोर्टल पर रूफटॉप सौर ऊर्जा संयंत्र के बारे में पूरी जानकारी मिलेगी। इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी ने विद्युत मंत्रालय की प्रधानमंत्री सहज बिजली हर घर योजना- सौभाग्‍य सहित विभिन्‍न योजनाओं के लाभार्थियों से बातचीत की।

प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले आठ वर्षों के दौरान बिजली क्षेत्र में पारदर्शिता आई है। उन्‍होंने कहा कि आज देश में भरपूर मात्रा में बिजली का उत्‍पादन हो रहा है और निर्यात भी किया जा रहा है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि सरकार सभी योजनाओं को पूरी ऊर्जा और त्‍वरित गति के साथ लागू कर रही है।

Related posts

Leave a Comment