प्रधानमंत्री मोदी ने कहा- अमृत कलश यात्रा इस महीने की 31 तारीख को दिल्‍ली में कर्तव्‍य-पथ पर संपन्‍न होगी

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा- अमृत कलश यात्रा इस महीने की 31 तारीख को दिल्‍ली में कर्तव्‍य-पथ पर संपन्‍न होगी

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहा है कि अमृत कलश यात्रा इस महीने की 31 तारीख को दिल्‍ली में कर्तव्‍य-पथ पर संपन्‍न होगी। आज मन की बात कार्यक्रम में उन्‍होंने कहा कि इस यात्रा के लिए देश के कोने-कोने से संग्रह की गई मिट्टी अब दिल्‍ली पहुंच रही है। उन्‍होंने कहा कि इस मिट्टी को एक विशाल भारत कलश में रखा जायेगा और इसी पवित्र मिट्टी से दिल्‍ली में अमृत वाटिका का निर्माण होगा। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि यह देश की राजधानी के हृदय में अमृत महोत्‍सव की भव्‍य विरासत के रूप में मौजूद रहेगी।

पिछले ढाई वर्ष से देश में जारी आजादी का अमृत महोत्‍सव का भी इस महीने की 31 तारीख को ही समापन होगा। इस दिन लौह पुरूष सरदार वल्‍लभभाई पटेल की जयंती मनाई जाती है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि सरदार पटेल को पांच सौ अस्‍सी से अधिक रियासतों के जोडने में उनकी अतुलनीय भूमिका के लिए स्‍मरण किया जाता है। प्रतिवर्ष 31 अक्‍टूबर को उनकी जयंती पर मुख्‍य आयोजन गुजरात में स्‍टैच्‍यू ऑफ यूनिटी पर किया जाता है। प्रधानमंत्री मोदी ने लोगों से इस अवसर पर रन फॉर यूनिटी यानी एकता दौड का आयोजन करने और इसमें बडी संख्‍या में शामिल होने की अपील की।

प्रधानमंत्री ने कहा कि इस अवसर पर मेरा युवा भारत नामक राष्‍ट्रव्‍यापी संगठन की नींव रखी जा रही है। इस संगठन से युवाओं को राष्‍ट्र निर्माण के आयोजनों में सक्रिय भूमिका निभाने का अवसर मिलेगा। प्रधानमंत्री मोदी ने इसके लिए युवाओं से माई भारत डॉट जीओवी डॉट इन पर पंजीकृत करने और विभिन्‍न कार्यक्रमों के लिए साईन अप करने की अपील की है। इस वेबसाइट की शुरूआत शीघ्र ही की जाएगी। प्रधानमंत्री नेरन्‍द्र मोदी ने 31 अक्‍टूबर को पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की पुण्‍यतिथि के लिए भी भावभीनी श्रद्धांजलि‍ अर्पित की है।

Related posts

Leave a Comment