प्रधानमंत्री मोदी ने आत्‍मनिर्भर भारत को साकार करने के लिए त्‍योहारों के मौसम में स्‍थानीय उत्‍पाद खरीदने का आह्वान किया

प्रधानमंत्री मोदी ने आत्‍मनिर्भर भारत को साकार करने के लिए त्‍योहारों के मौसम में स्‍थानीय उत्‍पाद खरीदने का आह्वान किया

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने देशवासियों से त्‍योहारों के मौजूदा मौसम में स्‍थानीय उत्‍पादों को प्राथमिकता दे‍कर आत्‍मनिर्भर भारत के सपने को पूरा करने की अपील की। उन्‍होंने देशवासियों कहा कि वे दिवाली पर ऐसे उत्‍पाद से ही घर को रोशन करें जिसमें किसी देशवासी के पसीने की महक हो। उन्‍होंने इस बात पर प्रसन्‍नता व्‍यक्‍त की कि गांधी जयंती के दिन दिल्‍ली में खादी की रिकॉर्ड बिक्री हुई है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि दिल्‍ली में कनॉट प्‍लेस के एक ही खादी स्‍टोर पर लोगों ने डेढ करोड रुपये से ज्‍यादा का सामान खरीदा। प्रधानमंत्री ने कहा कि दस साल पहले देश में खादी उत्‍पादों की बिक्री तीस हजार करोड रुपये से भी कम थी जो अब बढकर लगभग सवा लाख करोड रुपये हो रही है। उन्‍होंने कहा कि खादी की बिक्री का अर्थ है – इसका फायदा शहरों से लेकर गांवों तक अलग-अलग वर्गों तक पहुंच रहा है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि इसका लाभ हमारे बुनकर, हस्‍तशिल्‍प कारीगर, किसान और आयुर्वेदिक पौधे लगाने वाले कुटीर उद्योग- सबको मिल रहा है।

प्रधानमंत्री ने लोगों से अपील की है कि वे पर्यटन या तीर्थाटन करते समय स्‍थानीय कलाकारों के उत्‍पादों को जरूर खरीदें। उन्‍होंने कहा कि यात्रा के कुल बजट का एक हिस्‍सा स्‍थानीय उत्‍पादों की खरीद के लिए रखें। प्रधानमंत्री ने कहा कि वोकल फॉर लोकल की ये भावना सिर्फ त्‍योहारों की खरीदारी तक सीमित नहीं हैं। उन्‍होंने कहा कि ये सोच केवल छोटे दुकानदारों और रेहडी-पटरी से सामान लने तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत दुनिया का सबसे बडा विनिर्माण केन्‍द्र बनने की ओर अग्रसर है और कई बडे ब्रांड भारत में ही अपने उत्‍पादों को तैयार कर रहे हैं। उन्‍होंने कहा कि इन उत्‍पादों को अपनाने से मेक इन इंडिया को बढावा मिलता है।

प्रधानमंत्री ने लोगों से अपील की कि वे एकीकृत डिजीटल भुगतान प्रणाली से भुगतान की आदत डालें। उन्‍होंने श्रोताओं से मेड इन इंडिया स्‍मार्ट फोन के माध्‍यम से नमो ऐप पर स्‍थानीय उत्‍पाद या कलाकार के साथ सेल्‍फी साझा करने की अपील की। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि वे ऐसी कुछ पोस्‍ट को सोशल मीडिया पर साझा करेंगे ताकि अन्‍य लोग भी स्‍थानीय उत्‍पादों की खरीद के लिए प्रेरित हो सकें।

Related posts

Leave a Comment