प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज गुजरात में गांधीनगर के महात्मा मंदिर में वाइब्रेंट गुजरात वैश्विक शिखर सम्मेलन का शुभारंभ करेंगे। संयुक्त अरब अमीरात के राष्ट्रपति मोहम्मद बिन ज़ायद अल नह्यान, मोजाम्बिक के राष्ट्रपति फिलिप न्यूसी तिमोर लेस्त के राष्ट्रपति खोसे रामोस होर्ता, केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल और गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल उद्घाटन सत्र में मौजूद रहेंगे। उद्घाटन सत्र के बाद प्रधानमंत्री शीर्ष वैश्विक कॉर्पोरेशन के मुख्य कार्यकारी अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे।
इस वर्ष के शिखर सम्मेलन के लिए 34 भागीदार देश और 16 भागीदार संगठन हैं। भारतीय उद्योगपतियों के साथ-साथ लगभग 200 से अधिक वैश्विक सीईओ भी इस शिखर सम्मेलन में भाग लेने की उम्मीद है। यह शिखर सम्मेलन सेमि कंडक्टर, ग्रीन हाइड्रोजन, ई-मोबिलिटी और अंतरिक्ष विनिर्माण जैसे उभरते क्षेत्रों पर केंद्रित होगा। 2500 से अधिक बी2बी और बी2सी बैठकों के साथ-साथ शिखर सम्मेलन में उद्योग 4.0, प्रौद्योगिकी और नवाचार, नवीकरणीय ऊर्जा और साइबर सिक्यूरिटी जैसे महत्वपूर्ण वैश्विक विषयों पर विभिन्न सेमिनार आयोजित किये जाएंगे। केन्द्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण 2047 के लिए गुजरात का रोड मैप इस विषय पर आयोजित सेमिनार के उद्घाटन सत्र को सम्बोधित करेंगी।
प्रधानमंत्री मंत्री मोदी आज शाम गिफ्ट सिटी में वैश्विक वित्तीय प्रौद्योगिकी नेतृत्व फोरम में प्रमुख व्यापार नेताओं के साथ बातचीत करेंगे।