प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज नई दिल्ली में रायसीना संवाद के 9वें संस्करण का उद्घाटन किया

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज नई दिल्ली में रायसीना संवाद के 9वें संस्करण का उद्घाटन किया। ग्रीस के प्रधानमंत्री किरियाकोस मित्सोताकिस उद्घाटन सत्र में मुख्य अतिथि थे।

ग्रीस के प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत विश्व मंच पर एक महान शक्ति है और शांति तथा सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण सहयोगी है। उन्होंने कहा कि भारत जी-20 संगठन में एक उभरती हुई शक्ति है और जलवायु परिवर्तन की लड़ाई में एक अग्रणी देश है। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी से दोनों देशों के बीच साझेदारी को और मजबूत करने का आग्रह किया।

किरियाकोस मित्सोताकिस ने कहा कि आज दोनों देशों के बीच साझेदारी का उत्‍सव मनाने का समय है। उन्होंने कहा कि यह दोनों देशों के बीच एक साझेदारी है जो समान मूल्यों को साझा करते हैं। उन्‍होंने कहा कि ये साझेदारी दुनिया के सबसे पुराने लोकतंत्र और दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र के बीच है।

ग्रीस के प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत दुनिया की सबसे तेज़ विकास कर रही अर्थव्यवस्था है। उन्‍होंने कहा कि ग्रीस ने पिछले वर्षों में किसी भी यूरोपीय देश की तुलना में सबसे तेज़ विकास दर हासिल की है। उन्होंने कहा कि आपसी निवेश हमारे द्विपक्षीय संबंधों का एक प्रमुख लक्ष्य है। किरियाकोस मित्सोताकिस ने कहा कि भारत पहले से ही ग्रीस के बुनियादी ढांचे में भारी निवेश कर रहा है। इनमें नए हवाई अड्डे का निर्माण भी शामिल है। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय व्यापार बढ़ रहा है।

विदेश मंत्री सुब्रमण्‍यम जयशंकर ने भी बैठक को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि भूमध्यसागरीय क्षेत्र में भारत की बढ़ती रुचि हमारी निरंतर वृद्धि का एक महत्वपूर्ण पहलू है। उन्‍होंने कहा कि भारत-ग्रीस साझेदारी एक आधार के रूप में काम करेगी।

तीन दिवसीय संवाद में मंत्री, पूर्व राष्ट्राध्यक्ष और शासनाध्‍यक्ष, सैन्य कमांडर, शिक्षाविद, पत्रकार और विद्वानों सहित 100 से अधिक देशों के प्रतिनिधि भाग ले रहे हैं।

Related posts

Leave a Comment