पैरालंपिक खेल 2020 जापान की राजधानी टोक्यो में रंगारंग कार्यक्रम के साथ शुरू हो गए हैं। टोक्यो 57 साल बाद दूसरी बार पैरालंपिक खेलों की मेजबानी कर रहा है। इस बार की थीम है- ‘हमारे पास पंख हैं’। उद्घाटन समारोह का आरंभ एक वीडियो के साथ हुई, जिसमें पैरा खिलाड़ियों की शक्ति को दर्शाया गया। इसके बाद ‘पैरा एयरपोर्ट’ के कर्मियों की पोशाक में रंगारंग कार्यक्रम पेश किया गया, जिसके बाद स्टेडियम में में शानदार आतिशबाजी का प्रदर्शन किया गया। इससे पहले अंतरराष्ट्रीय पैरालंपिक समिति के अध्यक्ष एंड्रयू पार्सन्स और जापान के सम्राट नारुहितो का स्टेडियम में स्वागत किया गया। चार बार के ओलंपिक फ्रीस्टाइल कुश्ती चैंपियन काओरी इको अन्य व्यक्तियों के साथ जापान के ध्वज को मंच पर लेकर आए। इसके बाद अन्य देशों के राष्ट्रीय ध्वज को भी स्टेडियम में लाया गया। भारतीय दल ने 17वें नंबर पर ओलंपिक स्टेडियम में प्रवेश किया। खेलों के इस महाकुंभ के उद्घाटन समारोह में भारत की ओर से टेक चंद ध्वजवाहक रहे। पैरालंपिक का आयोजन दर्शकों के बिना किया जाएगा। कोरोना महामारी की वजह से इन खेलों में स्टेडियम में प्रवेश नहीं मिलेगा।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भारतीय दल को शुभकामनाएं दी हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पैरालंपिक खेलों में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले खिलाडि़यों पर देश को गर्व है।