निर्वाचन आयोग ने मणिपुर विधानसभा चुनाव की तारीखों में बदलाव किया

निर्वाचन आयोग ने मणिपुर विधानसभा चुनाव की तारीखों में बदलाव किया है। अब पहले चरण का मतदान 27 फरवरी की जगह 28 फरवरी को होगा। दूसरे चरण का मतदान 3 मार्च की बजाय 5 मार्च को होगा।

मणिपुर में चुनाव की तैयारियों की समीक्षा के लिए निर्वाचन आयोग का एक दल हाल ही में राज्‍य के दौरे पर गया था। इस दल ने वहां के राजनीतिक दलों, मुख्य सचिव, पुलिस महानिदेशक और अन्य अधिकारियों से बातचीत की थी। इस दौरान जमीनी हालात, लॉजिस्टिक से जुडी समस्‍याओं, सभी तथ्यों और परिस्थितियों पर विचार करने के बाद मतदान की तारीखों में बदलाव का निर्णय लिया गया।

इस बीच, मणिपुर के मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय ने राज्‍य के ऐसे चार पहाड़ी जिलों के दूरदराज क्षेत्रों में स्थित 83 मतदान केंद्रों की पहचान की है जहां किसी भी आपात स्थिति में ईवीएम/वीवीपीएटी मशीनों और चुनाव अधिकारियों को एयरलिफ्ट किया जा सकेगा।

राज्‍य के मुख्‍य निर्वाचन अधिकारी राजेश अग्रवाल ने कहा कि पहले चरण के मतदान के लिए सभी चुनाव पर्यवेक्षक पहुंच गए हैं।

Related posts

Leave a Comment